Move to Jagran APP

भारत जोड़ो यात्रा ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, राहुल का भी उत्‍साह बढ़ा; क्‍या वोट बैंक में बदलेगी मेहनत!

Congress Bharat Jodo Yatra कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ तो बहुत जुट रही है। ये देख पार्टी और राहुल गांधी का उत्‍साह भी बढ़ रहा है लेकिन बड़ा सवाल ये है कि क्‍या इससे कांग्रेस के वोट बैंक में कुछ इजाफा होगा?

By TilakrajEdited By: Published: Sat, 01 Oct 2022 03:17 PM (IST)Updated: Sat, 01 Oct 2022 03:17 PM (IST)
केरल में 'भारत जोड़ो यात्रा' से खूब जुड़े लोग

नई दिल्‍ली, ऑनलाइन डेस्‍क। कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा है। राहुल गांधी ने तमिलनाडु से इस यात्रा की शुरुआत की थी, जो केरल होते हुए अब तीसरे राज्‍य कर्नाटक में पहुंच गई है। इन राज्‍यों में भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ लोगों का हुजूम देखने को मिल रहा है। ऐसे में घुटनों में दर्द से जूझ रहे राहुल गांधी में भी उत्‍साह बढ़ रहा है। राहुल गांधी ने कहा है कि चाहे जितनी मुश्किलें आएं, वह भारत जोड़ो यात्रा को बीच मझधार में छोड़ने वाले नहीं हैं। क्‍या राहुल गांधी के इस परिश्रम का फल मिलेगा? क्‍या भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस के वोट बैंक में इजाफा होगा?

loksabha election banner

जमीन से कट-सी गई थी कांग्रेस...!

कांग्रेस के लगातार गिरते वोट शेयर का कारण क्‍या है? राजनीति के जानकार मानते हैं कि कांग्रेस पिछले कुछ सालों में जमीन से कट-सी गई है। ज्‍यादातर नेता लोगों के बीच नहीं जाते हैं। केंद्र सरकार से जुड़े बड़े मुद्दों पर भी विरोध प्रदर्शन के नाम पर बस रस्‍मअदायगी ही नजर आती है। ऐसे में कांग्रेस का वोटर पार्टी से दूर होता चला गया। ऐसे में कांग्रेस में फिर से जान फूंकने के लिए एक 'भारत जोडो यात्रा' जैसे ही अभियान की जरूरत थी। तिरुवनंतपुरम से युवा कांग्रेस के जिला सचिव माइकल ने बताया कि इस यात्रा से लोगों को जोड़ने का काम किया जा रहा है।

केरल में 'भारत जोड़ो यात्रा' से खूब जुड़े लोग

केरल के वायनाड से राहुल गांधी सांसद हैं। ऐसे में केरल में भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ का जुटना लाजिमी था। केरल में भारत जोड़ो यात्रा ने 140 में से 43 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया। वहीं 20 में से 12 लोकसभा सीटों के क्षेत्र से होकर यात्रा निकली। इस दौरान राहुल गांधी ने 19 दिनों में 453 किलोमीटर की पैदल यात्रा की, इसमें दो दिन का विराम भी शामिल था। केरल में राहुल गांधी की यात्रा जब सुबह शुरू होती थी, तो उसमें 5000 के आसपास लोग नजर आते थे। दिन चढ़ते-चढ़ते ये आंकड़ा 25 हजार तक पहुंच जाता था। ऐसे में पार्टी को उम्‍मीद है कि भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रहे लोग वोट बैंक में परिवर्तित होंगे।

विरोधी ने कसे थे खूब तंज

राहुल गांधी ने जब भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुई थी, तो विरोधी काफी तंज कसे थे। कुछ लोगों ने कहा था कि राहुल गांधी 3000 किलोमीटर की यात्रा नहीं कर पाएंगे। वह कुछ ही दिनों में थककर बीच राह में यात्रा को छोड़कर लौट आएंगे। हालांकि, ऐसा कुछ नहीं हुआ। भारत जोड़ो यात्रा का आज 24वां दिन है। इस दौरान राहुल गांधी ने बताया कि उनके घुटनों में दर्द हो रहा है। वह बेहद तकलीफ से गुजर रहे हैं, लेकिन जब वह लोगों से मिलते हैं, तो उनका दर्द दूर हो जाता है।

कांग्रेस भले ही 'भारत जोड़ो यात्रा' को भ्रष्‍टाचार के खिलाफ जंग करार दे रही है, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि ये यात्रा राहुल गांधी पार्टी का वोट बैंक बढ़ाने की रणनीति के तहत कर रहे हैं। अब कांग्रेस की ये रणनीति कितनी सफल रहती है, ये तो वक्‍त ही बताएगा। लेकिन राहुल गांधी को अभी लंबी राह तय करनी है। कांग्रेस की 3,570 किलोमीटर लंबी और 150 दिनों तक चलने वाली पदयात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो जम्मू कश्मीर में सम्पन्न होगी।

इसे भी पढ़ें: Bharat Jodo Yatra: PayCM पोस्टर के कारण कांग्रेस वर्कर के खिलाफ FIR, कर्नाटक में यात्रा का दूसरा दिन

इसे भी पढ़ें: Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा का मकसद भाषण देना नहीं बल्कि लोगों को सुनना है- राहुल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.