Move to Jagran APP

अशोक जगताप बने मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष, इसके साथ ही कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

मुंबई में पुन मजबूत होने के लिए कांग्रेस का मनपा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन जरूरी है। लेकिन पिछले कई वर्षो से अंतर्कलह से जूझती आ रही कांग्रेस का प्रदर्शन अब भी सुधरने के कोई संकेत नहीं हैं ।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sat, 19 Dec 2020 10:35 PM (IST)Updated: Sat, 19 Dec 2020 10:37 PM (IST)
अशोक जगताप बने मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष, इसके साथ ही कई नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी
अशोक अर्जुनराव (भाई) जगताप की फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, मुंबई। करीब डेढ़ साल से खाली पड़े मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी श्रमिक नेता की पहचान वाले अशोक अर्जुनराव (भाई) जगताप को सौंप दी गई है। उनके साथ चरण सिंह सप्रा को कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुहम्मद आरिफ नसीम खान को प्रचार समिति का प्रभारी बनाया गया है।

loksabha election banner

पिछले सप्ताह ही अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव एवं महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी एचके पाटिल ने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के चयन के लिए ओपीनियन पोल की पद्धति अपनाई थी। लेकिन सूत्रों के अनुसार, महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी नए पदाधिकारियों की सूची में पार्टी के अंदर से मिले ओपीनियन को नजरअंदाज कर दिया गया है। अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल रहे सभी नेताओं को अब नए अध्यक्ष भाई जगताप के नेतृत्व में काम करना होगा। इससे संगठन में टकराव बढ़ने की संभावना पैदा हो गई है। यह पद लोकसभा चुनाव के समय अध्यक्ष रहे मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे से खाली हुआ था। उसके बाद से मुंबई कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़ के भरोसे कामकाज चलाती आ रही है।

करीब एक साल बाद मुंबई में महानगरपालिका (मनपा) चुनाव होने हैं। 1997 के बाद से मनपा पर शिवसेना का कब्जा है। पिछले मनपा चुनाव में शिवसेना और भाजपा में तगड़ी टक्कर देखने को मिली थी। कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई थी। मुंबई में पुन: मजबूत होने के लिए कांग्रेस का मनपा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन जरूरी है। लेकिन पिछले कई वर्षो से अंतर्कलह से जूझती आ रही कांग्रेस का प्रदर्शन अब भी सुधरने के कोई संकेत नहीं हैं।

असम और केरल के लिए तीन-तीन एआइसीसी सचिवों की नियुक्ति

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने असम और केरल के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआइसीसी) के तीन-तीन सचिवों की नियुक्ति की है। इन राज्यों में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। नियुक्त किए गए नए सचिव दोनों राज्यों के प्रभारी महासचिवों जितेंद्र सिंह (असम) और तारिक अनवर (केरल) की सहायता करेंगे। विधायक अनिरुद्ध सिंह, विकास उपाध्याय और पृथ्वीराज प्रभाकर साठे को असम के लिए जबकि पूर्व सांसद पी. विश्वनाथन, पूर्व एमएलसी इवान डिसूजा और पीवी मोहन को केरल के लिए सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही हरिपाल रावत और संजय चौधरी को असम के लिए एआइसीसी के संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.