Lockdown: पीएम मोदी के दीया जलाने की अपील को सीएम बघेल ने बताया अनुचित
हम विदेशों से आने वालों के लिए स्पेशल फ्लाइट की व्यवस्था करते रहे दूसरी ओर हमारे गरीब लोग एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए ही साधनहीन हैं।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच अप्रैल को नौ बजे दीया जलाने की अपील को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुचित बताया है। मीडिया से चर्चा में बघेल ने कहा कि भारत में हर घर में दीपक भगवान राम के वनवास काटकर और लंका विजय प्राप्त कर घर वापस आने पर जलाए गए थे। दिवाली में दीए जलाए जाते हैं। सामान्य तौर पर खुशी के मौके पर दीया जलाया जाता है।
जब देश में महामारी फैली हो, ऐसे में दीप जलाना उचित नहीं
इन दिनों कोरोना को लेकर ऐसा कोई माहौल नहीं है। महामारी तेजी से बढ़ रही है। बहुत से लोगों की जान गई हैं। ऐसी स्थिति में दीप जलाना उचित नहीं है। वहीं लॉकडाउन में शराब दुकान खोले जाने पर बघेल ने कहा कि हर स्थिति को देखना पड़ता है। लोगों की जान भी जरूरी है। जो लोग शराब पीने के आदी हैं, वे दूसरा नशा करके मर जाएं, यह भी ठीक नहीं। शराब दुकानें जब बंद की गई थीं, तभी मैंने अधिकारियों से विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया था। जानकारी मिली है कि तीन लोगों की मौत स्पिरिट पीने से हुई है। ये गंभीर स्थिति है। इससे निपटना जरूरी है।
तब्लीगी जमात द्वारा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ अभ्रद व्यवहार
तब्लीगी जमात द्वारा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ अभ्रद व्यवहार पर कहा कि हमारे यहां ऐसी कोई स्थिति नहीं है। दूसरे स्टेट के बारे में कोई टिप्पणी व्यक्त नहीं करूंगा।
लॉकडाउन बगैर किसी ठोस रणनीति के लागू किया गया
कांग्रेस की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी राज्यों को बेहतर इंतजाम करने के लिए कहा है। लॉकडाउन को लेकर उनकी चिंता इस बात पर थी कि इसे बगैर किसी ठोस रणनीति के लागू किया गया है। काफी लोग परेशान हो रहे हैं। एक तरफ हम विदेशों से आने वालों के लिए स्पेशल फ्लाइट की व्यवस्था करते रहे, दूसरी ओर हमारे गरीब लोग एक जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए ही साधनहीन हैं।