Move to Jagran APP

मुख्यमंत्री ने कहा- मेरी सफलता के पीछे मेरी पत्नी का हाथ, महिला सशक्तीकरण मेरे जीवन का प्रमुख उद्देश्य

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तीकरण मेरे जीवन का प्रमुख उद्देश्य है। सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं। विदिशा सांसद रहते हुए मैंने बेटियों को गोद लिया।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 24 Jul 2021 12:12 AM (IST)Updated: Sat, 24 Jul 2021 12:12 AM (IST)
महिला सशक्तीकरण मेरे जीवन का प्रमुख उद्देश्य है

भोपाल, स्टेट ब्यूरो। यह सही है कि हर पुरुष की सफलता के पीछे महिला का हाथ होता है। मेरी सफलता की पीछे भी मेरी पत्नी (साधना सिंह) का बहुत बड़ा हाथ है। उन्होंने हर काम में मेरा सहयोग किया है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे शुक्रवार को मिंटो हॉल में आइएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (आइसोवा) के कार्यक्रम में बोल रहे थे।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने कहा- महिला सशक्तीकरण मेरे जीवन का प्रमुख उद्देश्य

उन्होंने संस्था की वेबसाइट का लोकार्पण करते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण मेरे जीवन का प्रमुख उद्देश्य है। सार्वजनिक जीवन की शुरुआत से ही मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं। विदिशा सांसद रहते हुए मैंने बेटियों को गोद लिया। उनमें से एक का कन्यादान पिछले दिनों किया। कार्यक्रम में साधना सिंह ने संस्था की ई-मैगजीन 'विस्तार' का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा- कोरोना संकट में 'आइसोवा' ने समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण किया पेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट में 'आइसोवा' ने समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। अब संस्था अपनी वेबसाइट के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की मार्केटिंग करे, तो उन्हें अच्छा बाजार उपलब्ध हो जाएगा।

शिवराज सिंह ने कहा- पेड़ जीते-जागते ऑक्सीजन संयंत्र हैं

उन्होंने कहा कि पेड़ जीते-जागते ऑक्सीजन संयंत्र हैं। अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण को समृद्ध करें। मैं प्रतिदिन एक पेड़ लगाता हूं। मध्य प्रदेश में वृक्षारोपण के लिए अंकुर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पेड़ लगाते हुए अपना फोटो अपलोड करें। चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी में आए उत्पाद शिवा स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाई गई साड़ियां जय जगदीश हरे समूह द्वारा बनाए गए मुनगा पावडर और अन्य समूहों द्वारा बनाए गए एलोविरा-नीम पावडर आदि उत्पादों की सराहना की।

कोरोना के दौरान आइसोवा ने लोगों का निशुल्क इलाज कराया

आइसोवा की अध्यक्ष सिमरन बैंस ने बताया कि कोरोना के दौरान संस्था ने समाज सेवा की गतिविधियां संचालित कीं। इनमें मरीजों का निशुल्क इलाज, खाद्य सामग्री के पैकेट बांटना, बच्चों के लिए ऑनलाइन कम्प्यूटर कक्षाएं संचालित करना शामिल है। संस्था की सचिव सीमा सुलेमान ने बताया कि संस्था सेवा कार्य कर रही है। कोरोना सहायता के लिए संगठन ने 10 लाख रुपये मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- मेरा हर क्षण जनता के कल्याण के लिए

मुख्यमंत्री ने युधीष्ठिर व यक्ष की कहानी सुनाते हुए कहा कि उनके बीच हुए प्रश्नोत्तर से यह तथ्य सामने आता है कि हर व्यक्ति को पता है कि वह एक दिन मरेगा, उसके बाद भी वह व्यवहार ऐसा करता है जैसे उसे हमेशा रहना है। यह सबसे बड़ा आश्चर्य है। व्यक्ति को अपने जीवन में एक-एक क्षण का बेहतर उपयोग कर अपने जीवन को अनमोल व महत्वपूर्ण बनाना चाहिए। मैं भी निरंतर यह प्रयास करता हूं कि मेरा एक-एक क्षण जनता के कल्याण तथा प्रदेश के विकास के लिए खर्च हो।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.