रमन का ट्वीट....'क्या सियारों ने 'सिंह' पर विजय पाई है', बघेल का पलटवार- अभी तो ट्रेलर है
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग। रमन सिंह के सियार वाले ट्वीट पर भूपेश बघेल का पलटवार, कहा- अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, सोचिए पूरी पिक्चर कैसी होगी।
रायपुर, नईदुनिया। लोकसभा चुनाव के पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के आला-नेताओं के बीच सोशल मीडिया में जंग तेज होती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस के 68 विधायकों की जीत पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है कि संख्या में अधिक हो जाने से क्या सियारों ने 'सिंह' पर विजय पाई है? उनके इस ट्वीट पर कांग्रेस नाराज है।
कांग्रेस का रमन सिंह पर पलटवार
कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा कि घोटाले और भ्रष्टाचार की परतें उधड़ने से रमन बौखला गए हैं। इस कारण जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों को सियार कहने से भी परहेज नहीं कर रहे। वहीं, मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने ट्वीट किया है कि अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, सोचिए पूरी पिक्चर कैसी होगी।
रमन का ट्वीट, उठाया कांग्रेस पर सवाल
डॉ. रमन सिंह का ट्वीट वीडियो के साथ पोस्ट हुआ है। उसमें नान मामले की जांच की तरफ इशारा करते हुए लिखा है कि बदले की इस आंच से भला सत्य को आंच कहां आई है? संख्या में अधिक हो जाने से भला, क्या सियारों ने 'सिंह' पर विजय पाई है? गरीबों को चावल देना तुम्हारे नजर में अपराध है। मेरे आदिवासी भाइयों का क्या सरई का बीज खाना याद है?
डॉ. रमन ने संकेत दिया है कि वह जांच से डर नहीं रहे। उन्होंने लिखा है, भूखों को खाना देना अगर मेरे अपराध में गिना जाएगा, तो यह अपराध फिर से किया जाएगा। डॉ. सिंह कहते रहे हैं कि कांग्रेस बदलाव की नहीं, बदले की सरकार चला रही है। इस पर भी उन्होंने लिखा है कि अपने द्वेष के तराजू में मेरे कर्मों को क्या तौलोगे। वर्षों सेवा किया है हमने, क्या उस पर भी कुछ बोलोगे?
कांग्रेस ने सियार शब्द पर जताई आपत्ति
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने डॉ. सिंह के ट्वीट पर 'सियार' शब्द को लेकर आपत्ति की है। उनका कहना है कि रमन पहले भ्रष्टाचार के आरोपी थे और अब वाणी संयम खोने के गुनहगार बन गए हैं।
अभी तो सिर्फ ट्रेलर है....
मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को हुई कांग्रेस की किसान आभार रैली जोड़ते हुए भी ट्वीट किया। बघेल ने लिखा है, जब किसान खुश होता है तो पूरा देश खुश होता है। किसानों की गर्मजोशी देख, हमें एक नई ऊर्जा मिली है। लाखों किसानों के चेहरों की मुस्कान बता रही है कि हम सही दिशा में हैं। आगे उन्होंने लिखा है, अभी तो सिर्फ ट्रेलर है।