छत्तीसगढ़ के सीएम ने किया शाहीन बाग आंदोलन का समर्थन, संघीय ढांचे को तोड़ने में जुटी मोदी सरकार
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को दिल्ली की जनता के सामने रखेंगे।मंदी के बावजूद यहां पर हर क्षेत्र में तरक्की और मजबूती है।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर देश को अराजकता में झोंकने और संघीय ढांचे को तोड़ने का आरोप लगाया है। दिल्ली में चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पूर्व रायपुर विमानतल पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के असंवैधानिक कानून के खिलाफ शाहीन बाग में अहिंसात्मक आंदोलन कर रही महिलाओं को हम समर्थन देते हैं।
शाहीन बाग में चली गोली गांधी जी की हत्या की याद दिलाती है
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि शाहीन बाग में जिस तरह गोली चल रही है, मुझे वर्ष 1948 की याद आ रही है। अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की हत्या 30 जनवरी 1948 में हुई थी और यह कितना शर्मनाक है कि अहिंसात्मक तरीके से आंदोलन कर रहे लोगों पर उनकी पुण्यतिथि के मौके पर ही 30 जनवरी 2020 को गोली चलाई जाती है।
भाजपा दिल्ली चुनाव को हिंदू और मुस्लिम का रंग देने में लगी
बघेल ने कहा भाजपा दिल्ली चुनाव को हिंदू और मुस्लिम का रंग देने में लगी है, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- छत्तीसगढ़ के विकास माडल की करेंगी ब्रांडिंग
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को दिल्ली की जनता के सामने रखेंगे। जनता को बताएंगे जब देशभर में मंदी के हालात हैं, तो छत्तीसगढ़ में इसका असर क्यों नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ में मंदी के बावजूद लोग कैसे खुश हैं। क्यों यहां पर हर क्षेत्र में तरक्की और मजबूती है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। दिल्ली के स्टार प्रचारक की सूची में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम शामिल किया है। बताया जा रहा है कि बघेल चार सभा लेंगे, जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में वोट मागेंगे। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10.50 बजे राजधानी के माना स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल से रवाना होकर दोपहर एक बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे।
झारखंड में बघेल ने जहां प्रचार किया था, वहां कांग्रेस को जीत मिली
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पार्टी ने दिल्ली के प्रचार के मोर्चे पर उतारा है। झारखंड में बघेल ने जिन विधानसभा सीट पर प्रचार किया था, वहां कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली।
दिल्ली के प्रचार अभियान में अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला मॉडल का जिक्र होगा
कांग्रेस दिल्ली के प्रचार अभियान में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले नरवा, गस्र्वा मॉडल का जिक्र कर रही है। वादा पूरा करने के लिए किसानों के कर्जमाफी को भी सभाओं में बताया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में चुनाव कैंपेन संभालने के लिए आए नेताओं के क्षेत्र में भी बघेल प्रचार करेंगे।
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज पांच और छह फरवरी को नई दिल्ली में प्रचार करेंगे
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू पांच और छह फरवरी को नई दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। वे मंगलवार शाम 7.30 बजे रायपुर से विमान से नई दिल्ली जाएंगे। साहू दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में दो दिन प्रचार करेंगे। छत्तीसगढ़ी मूल के वोटरों के बीच साहू की सभा आयोजित की गई है। साहू सात फरवरी को सुबह 6.45 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान कर नौ बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे।