कैंब्रिज एनालिटिका डाटा लीक पर सीबीआइ ने प्रारंभिक जांच शुरू की
यह जांच ब्रिटिश फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका एंड ग्लोबल साइंस रिसर्च द्वारा फेसबुक से भारतीयों की डेटा चोरी को देखने के लिए शुरू की गई है।
नई दिल्ली, एएनआई। सीबीआइ ने फेसबुक से अवैध रूप से भारतीयों के निजी डाटा चुराने के आरोप में कैम्बि्रज एनालिटिका और ग्लोबल साइंस रिसर्च के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) के अधिकारियों के मुताबिक आरोप है कि कैम्बि्रज एनालिटिका को ग्लोबल साइंस रिसर्च से अवैध रूप से हासिल की हुई लाखों भारतीयों की निजी जानकारी मिली। ग्लोबल साइंस रिसर्च संस्थान ने फेसबुक के मार्फत भारतीयों की जानकारियां हासिल की थीं।
केंद्र सरकार से इस बारे में दिशा-निर्देश मिलने पर सीबीआइ ने पहला कदम उठाते हुए इस मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। इसके तहत यह निर्णय लिया जाएगा कि एक एफआइआर के जरिए इस मामले की पूर्ण रूप से जांच की आवश्यकता है या नहीं। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पिछले महीने राज्यसभा में कहा था कि इस मामले की जांच सीबीआइ को सौंपी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डाटा एकत्र करने और उसका विश्लेषण करने वाली कैम्बि्रज एनालिटिका पर पहले आरोप लगा था कि 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की मदद करने के लिए 8.7 करोड़ फेसबुक एकाउंट से निजी जानकारियां चुराई गई थीं।