नायडू सरकार पर सीबीआइ का बड़ा आरोप- भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ बनाई योजना की लीक
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने आंध्र की चंद्रबाबू नायडू सरकार पर भ्रष्ट अफसरों की जानकारी लीक करने का आरोप लगाया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने आंध्र प्रदेश सरकार पर भ्रष्ट अफसरों को गिरफ्तार करने के लिए बनाई गई योजना की जानकारी लीक करने का आरोप लगाया है। सीबीआइ ने शुक्रवार को कहा कि जानकारी लीक करने की वजह से भ्रष्ट अफसर पकड़ में नहीं आ रहे हैं।
सीबीआइ का कहना है कि आंध्र सरकार द्वारा जानकारी लीक किए जाने से भ्रष्टाचार के आरोपी सिर्फ एक अधिकारी को ही पकड़ा जा सका, बाकी सब फरार हो गए। केंद्रीय जांच एजेंसी का कहना है कि भ्रष्टाचार में लिप्त केंद्र सरकार के अधिकारियों को गिरफ्तार करने की उसकी गोपनीय योजना राज्य की एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के चलते सफल नहीं हो रही है। सीबाआइ ने राज्य के गृह मंत्रालय से सूचनाओं को अति गोपनीय रखने को कहा है।
केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियों की लड़ाई उस वक्त सबके सामने आ गई, जब एसीबी ने दावा किया कि उसने शुक्रवार को मछलीपट्टनम जिले में एक सेंट्रल एक्साइज अफसर को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
सीबीआइ के प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त केंद्र सरकार के कुछ अधिकारियों और अन्य लोगों को पकड़ने के लिए जांच एजेंसी ने राज्य सरकार की मंजूरी मांगी थी। लेकिन राज्य के गृह विभाग ने इस सूचना को गोपनीय रखने के बजाय एसीपी से साझा कर दिया। जिससे सिर्फ एक अधिकारी पकड़ा गया।