पर्यावरण सुधारने के लिए BRICS देश हुए एक साथ, जल्द दूर होगा शहरों से प्रदूषण
ब्रिक्स देशों के पर्यावरण मंत्रियों के बीच आयोजित इस पांचवें सम्मेलन में भारत के अलावा रूस चीन ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के भी पर्यावरण मंत्री शामिल हुए है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। शहरों में पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं को लेकर ब्रिक्स देशों ने चिंता जाहिर की है। साथ ही इससे निपटने के लिए एकजुट होकर काम करने को लेकर भी सहमति बनी है। ब्रिक्स देशों के बीच यह सहमति पर्यावरण को लेकर ब्राजील में आयोजित बैठक में बनी है। भारत की ओर से इस बैठक में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर शामिल हुए है।
ब्रिक्स देशों के पर्यावरण मंत्रियों के बीच आयोजित इस पांचवें सम्मेलन में भारत के अलावा रूस, चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के भी पर्यावरण मंत्री शामिल हुए है। इस दौरान शहरों में पर्यावरण की बढ़ती समस्याओं को लेकर चिंता जताई।
स्वच्छ भारत अभियान की हुई चर्चा
हालांकि इस दौरान केंद्रीय मंत्री जावडेकर ने भारत में शहरों में पर्यावरण को सुधारने के लिए उठाए जाने वाले कदमों से सभी ब्रिक्स देशों को अवगत कराया। इनमें स्वच्छ भारत अभियान, कचरा प्रबंधन और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम, इलेक्टि्रक वाहनों व शहरी वन रोपण योजना आदि की जानकारी दी।
भारत के इस प्रयासों को ब्रिक्स देशों ने सराहा। साथ ही इस दिशा में आगे एकसाथ मिलकर काम करने की भी जरूरत बताई। बैठक में पेरिस समझौते के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, जिसमें विकसित और विकासशील देशों से अपने वादों को पूरी तरह से निभाने पर भी जोर दिया गया है।
दिल्ली में होने वाली बैठक के लिए BRICS देश भी हुए आमंत्रित
केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान ब्रिक्स देशों को भारत में बढ़ते जंगल की जानकारी दी और कहा कि पिछले सालों में इनमें 15 हजार वर्ग किमी की बढ़ोत्तरी हुई है। इसके बाहर भी पौधों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जावडेकर ने इस दौरान ब्रिक्स देशों के मंत्रियों को 2 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली में भूमि क्षरण और मरूस्थीकरण के मसले पर आयोजित बैठक के लिए भी आमंत्रित किया है।
देश को पॉलीथीन से मुक्ति दिलाने के लिए बनाएंगे ठोस योजना: जावडेकर
स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के उपयोग को खत्म करने की अपील का असर दिखने लगा है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इसे लेकर जल्द ही एक ठोस योजना लाने की घोषणा की है। ब्रिक्स देशों के पर्यावरण मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने ब्राजील गए जावडेकर ने जारी अपने एक बयान में यह जानकारी दी है।
साथ ही कहा कि जल्द ही वह इसे लेकर राज्यों और हितधारकों के साथ बैठक इस पूरी योजना को अंतिम रूप देंगे। इसके अलावा एक जन अभियान भी शुरू किया जाएगा। वहीं पर्यावरण मंत्रालय ने भी इसे लेकर एक बैठक की है। जिसमें इसकी रोकथाम की दिशा में उठाए गए कदमों की समीक्षा भी की गई है।