कांग्रेस सांसद शशि थरूर के दफ्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं का हमला, बोले- क्या यही है हिंदुत्व ?
'हिंदू पाकिस्तान' के बयान के बाद भड़के भाजपा कार्यकर्ताओं ने शशि थरूर के तिरुअनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) स्थित कार्यालय पर हमला कर दिया।
नई दिल्ली [जेएनएन]। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के केरल स्थित दफ्तर में तोड़फोड़ की गई। उनका आरोप है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के गुंडों ने यह हरकत की है। पुलिस का कहना है कि भाजपा के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनके हिंदू पाकिस्तान वाले बयान का विरोध जताया है। इस दौरान उन्होंने दफ्तर पर मोबिल ऑयल (वाहनों से निकलने वाला खराब तेल) फेंका। हालांकि, बताया जाता है कि थरूर उस वक्त तक कार्यालय में मौजूद नहीं थे।
वहीं, इस हमले के बाद शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत में इस हमले को लेकर दुख जताया। शशि थरूर ने ट्वीट्स के जरिए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने लिखा- आज भाजपा युवा मोर्चा के लोगों ने तिरुवनंतपुरम में मेरे कार्यालय पर हमला किया। उन्होंने दरवाजों, दीवारों और गेट पर काला इंजन तेल (मोबिल ऑयल) डाला, वहां (मेरा) इंतजार कर रहे निर्दोष फरियादियों को खदेड़ दिया, अपमानजनक बैनर और नारे लगाए जो मुझे पाकिस्तान जाने के लिए कह रहे थे।
उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा- यह हम सभी को चेतावनी है। यह जाहिर तौर पर बर्बरता और हिंसा है। यही वह चेहरा है जिसे उन्होंने (भाजपा) तिरुअनंतपुरम में दिखाया है। ज्यादातर हिंदू कहेंगे कि ये गुंडे हमारा प्रतिनिधित्व नहीं करते।
इसके बाद शशि थरूर ने अगले ट्वीट में लिखा- उनके हमले से और जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने मुझे मारने और मेरे एमपी कार्यालय को बंद करने की धमकी दी है। यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। हमने इस बारे में केरल पुलिस को बता दिया है।
थरूर के इस बयान पर उठा है विवाद
गौरतलब है कि सांसद शशि थरूर ने कहा था कि भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो नए तरीके से संविधान को लिखेगी और भारत को हिंदू पाकिस्तान में तब्दील कर देगी। थरूर तिरुअनंतपुरम से कांग्रेस के टिकट पर संसद में पहुंचे थे।
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने थरूर के बयान से खुद को अलग कर लिया था। पार्टी का कहना था कि हिंदू पाकिस्तान से जुड़ा वक्तव्य थरूर का निजी विचार है। उधर, भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग करते हुए कहा है कि थरूर का बयान संविधान व हिंदुओं का अपमान करता है।