राफेल मुद्दे पर भाजपा 70 शहरों में करेगी कांग्रेस का भंडाफोड़
राफेल मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सोमवार को देश के सत्तर शहरों में विपक्षी दल का भांडा फोड़ने की तैयारी कर ली है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। राफेल मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सोमवार को देश के सत्तर शहरों में विपक्षी दल का भांडा फोड़ने की तैयारी कर ली है। इसके लिए भगवा पार्टी मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों समेत वरिष्ठ नेताओं को इन शहरों में कांग्रेस के फैलाए दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैनात करेगी।
भाजपा के मीडिया प्रमुख और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने शनिवार को बताया कि राफेल सौदे की सच्चाई पर सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश आने के बावजूद कांग्रेस के राष्ट्रीय सुरक्षा से जारी खिलवाड़ को भाजपा उजागर करेगी। पार्टी मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेसी साजिश को भी बेनकाब करेगी। उन्होंने बताया कि युद्धक विमान सौदे को लेकर सरकार पर झूठी तोहमत लगा रहे लोगों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फड़नवीस, गुजरात के विजय रूपाणी और असम में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल क्रमश: गुवाहाटी, अहमदाबाद, जयपुर और अगरतला में मीडिया को संबोधित करेंगे।
इसी तरह सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, जेपी नड्डा, स्मृति ईरानी, सुरेश प्रभु, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत संगठन के कई नेता कांग्रेस की पोल खोलेंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को विगत शुक्रवार को राफेल मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बड़ी बढ़त मिली है। सर्वोच्च अदालत ने राफेल सौदे की आगे की जांच की मांग करने वाली कई याचिकाओं को खारिज कर दिया है।
फैसला आने पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से इस मुद्दे पर देश से माफी मांगने को कहा है। हालांकि राहुल गांधी ने फैसला आने के बाद से ही इसे गलत ठहराना शुरू कर दिया है और भ्रष्टाचार के आरोप लगाना जारी रखा है।