'जनता कांग्रेस को कभी नहीं करेगी स्वीकार', राहुल गांधी की विदेश में टिप्पणियों पर भाजपा ने साधा निशाना
भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी भले ही विदेशी धरती से अपना राजनीतिक करियर दोबारा शुरू करने की कोशिश करें, लेकिन देश की जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।

राहुल गांधी की विदेश में टिप्पणियों पर भाजपा ने साधा निशाना
HighLights
भाजपा ने कहा जिसके मन में देश के प्रति नफरत भरी हो, उसे जनता स्वीकार नहीं करेगी
भाजपा बोली कि राहुल गांधी की विदेश में नकारात्मक टिप्पणियां करना एक तरह से शौक है
पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की अर्थव्यवस्था और चुनावी व्यवस्था को लेकर कथित तौर पर नकारात्मक टिप्पणियां करने के लिए निशाना साधा।
भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी भले ही विदेशी धरती से अपना राजनीतिक करियर दोबारा शुरू करने की कोशिश करें, लेकिन देश की जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा के कई नेताओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेका और सेवा कार्य किए। इस दौरान नेताओं ने पंजाब सहित पूरे देश को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गुरुद्वारे में अरदास के बाद कहा कि यह पवित्र अवसर देश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का भी है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल नशे की समस्या से निपटने में पर्याप्त प्रयास करने में विफल रहे हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भंडारी ने कहा कि वह विदेशी धरती से अपना राजनीतिक करियर फिर से शुरू करने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन जिस व्यक्ति के मन में देश के प्रति नफरत भरी हो, उसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एशिया की प्रमुख शक्तियों में शामिल हुआ है।
गोल्डमैन सैक्स और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे।
उन्होंने बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा था कि देश गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकारी पहलों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए थे।