महात्मा गांधी को 'पाकिस्तानी राष्ट्रपिता' कहने वाले नेता को भाजपा ने किया सस्पेंड
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने महात्मा गांधी पर विवादित बयान देकर अपनी पार्टी के लिए एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने महात्मा गांधी पर विवादित बयान देकर अपनी पार्टी के लिए एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर विपक्षी पार्टियां इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। हालांकि, भाजपा ने अनिल सौमित्र पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है। इससे पहले साध्वी प्रज्ञा और अनंत हेगड़े, नाथूराम गोडसे-महात्मा गांधी पर विवादित बयान देकर फंस चुके हैं।
फेसबुक पोस्ट में किया राष्ट्रपति का अपमान
अनिल सौमित्र ने शुक्रवार सुबह अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘राष्ट्रपिता थे, लेकिन पाकिस्तान राष्ट्र के। भारत राष्ट्र में तो उनके जैसे करोड़ों पुत्र हुए, कुछ लायक तो कुछ नालायक।’ हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में महात्मा गांधी तो नहीं लिखा, लेकिन संकेत साफ थे। भारत ही नहीं पूरे विश्व में महात्मा गांधी को राष्ट्रपति के रूप में जाना जाता है। ऐसे में कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों को भाजपा पर निशाना साधने का एक मौका मिल गया है।
साध्वी प्रज्ञा ने गोडसे को बताया देशभक्त, बवाल मचने पर दी सफाई
रोड शो के दौरान अभिनेता कमल हासन के हिंदू आतंकवादी संबंधी बयान पर पत्रकारों ने साध्वी से प्रतिक्रिया मांगी। इस पर उन्होंने कहा कि नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। गोडसे को आतंकवादी कहने वाले लोग अपने गिरेबान में झांकें। ऐसे लोगों को इन चुनावों में जवाब दे दिया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आतंकियों को सम्मानित किया है। उनका साथ दिया है और देशभक्तों को प्रताडि़त किया है। उनके लोग कभी उनको 'जी' कहते हैं, कभी साहब। ये उनका चरित्र है। इस बार जनता जवाब देगी, क्योंकि ये चुनाव देशभक्ति का चुनाव है। बयान पर बवाल मचने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने साध्वी के बयान को निजी बयान बताते हुए किनारा कर लिया। इस बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि साध्वी ने माफी मांग ली है। इसके बाद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बयान देने के पांच घंटे बाद माफी मांग ली। उनका एक वीडियो भी जारी हुआ है। इस बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को घेरते हुए जवाब मांगा है।
अमित शाह ने जताई नाराजगी
गौरतलब है कि गोडसे पर बयानबाजी के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि साध्वी, हेगड़े के बयान का पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। वहीं महात्मा गांधी को पाकिस्तान का राष्ट्रपिता बताने वाले भाजपा प्रवक्ता अनिल सौमित्र को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप