भाजपा ने किया पलटवार, पीएम मोदी की नहीं अमेठी अौर रायबरेली की चिंता करें राहुल
भाजपा ने कहा कि लोगों की बढ़ती निराशा के चलते कांग्रेस अध्यक्ष खुद और उनकी मां सोनिया गांधी अपने-अपने संसदीय क्षेत्र से चुनाव हार जाएंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। राहुल गांधी के इस दावे पर कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी से हार जाएंगे, भारतीय जनता पार्टी ने भी पलटवार किया है। भाजपा ने कहा कि लोगों की बढ़ती निराशा के चलते कांग्रेस अध्यक्ष खुद और उनकी मां सोनिया गांधी अपने-अपने संसदीय क्षेत्र से चुनाव हार जाएंगे।
भाजपा के प्रवक्ता अनिल बलूनी ने रविवार को कहा कि राहुल गांधी को मोदी के बारे में फिक्र करने की जरूरत नहीं है। बल्कि उन्हें अपनी अमेठी और अपनी मां सोनिया गांधी की रायबरेली सीट पर वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में होने वाले हश्र की फिक्र करनी चाहिए। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में कोई काम नहीं किया है और लोगों की निराशा उनके प्रति बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि बेंगलूरु में विपक्षी एकता के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि 2019 के लोकसभा चुनाव में वर्तमान सत्तारूढ़ गठबंधन (राजग) का ऐसा पतन होगा जैसा कई वर्षो में नहीं देखा गया होगा। एकजुट विपक्ष के सामने भाजपा चुनाव जीतने की बात तो भूल ही जाए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी वाराणसी सीट गंवा सकते हैं।पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने तीसरे मोर्चे की संभावना को नकारते हुए विभिन्न व्यक्तिगत और क्षेत्रीय महत्वाकांक्षाओं के बावजूद गठबंधन में नए दल जोड़ने और उन्हें साथ लेकर चलने का विश्वास जताया।
उत्तर प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु में विपक्षी एकता के प्रयासों के अलावा द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कोशिशों का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल किया, 'वे (भाजपा) कहां से सीटें जीतने जा रहे हैं।' राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और पंजाब को कांग्रेस जीत लेगी। विभिन्न दलों को साथ लेकर चलने के सवाल पर राहुल ने कहा, 'हम उन्हें संभाल लेंगे। कांग्रेस में हम जानते हैं कि लोगों को साथ लेकर कैसे चलें।
हम अहंकारी लोग नहीं हैं, हम लोगों को दबाते नहीं हैं और न ही लोगों का जीवन बर्बाद करते हैं। इसलिए हम इसे संभाल लेंगे।' उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन तोड़ सकने के भाजपा के विश्वास को मजाक बताते हुए उन्होंने दावा किया कि वह उत्तर प्रदेश की राजनीति को समझते हैं। राहुल ने कहा, 'जब तीनों पार्टियां (सपा, बसपा और कांग्रेस) साथ होंगी तो भाजपा सिर्फ दो सीटें जीत पाएगी और वे भी किस्मत से।'