भाजपा ने घोषित की राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची, यूपी के प्रतिनिधि बनेंगे जेटली
भाजपा ने आठ मंत्रियों में से सात की उम्मीदवारी की घोषणा कर दी है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली अब उत्तर प्रदेश से चुनकर राज्यसभा में आएंगे। अभी वह गुजरात से राज्यसभा सदस्य हैं। भाजपा ने बुधवार को सात मंत्रियों सहित राज्यसभा के लिए अपने आठ प्रत्याशियों की घोषणा की है। वहीं प्रकाश जावड़ेकर के नाम का एलान देर शाम किया गया। उन्हें महाराष्ट्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा चुनाव समिति की ओर से घोषित नामों में केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को लगातार चौथी बार बिहार से भेजने की घोषणा हुई है। वहीं बिहार से आने वाले पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया गया है। सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को भी पार्टी ने मध्य प्रदेश से ही नामित किया है।
मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रुपाला को गुजरात से, जेपी नड्डा को हिमाचल प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं भाजपा महामंत्री भूपेन्द्र यादव को पार्टी ने राजस्थान से प्रत्याशी बनाया है। गौरतलब है कि राज्यसभा की अप्रैल में खाली हो रही 58 सीटों के लिए नए सिरे से चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 12 मार्च है, जबकि चुनाव 23 मार्च को है।
उत्तर प्रदेश से कुल दस सीटें खाली हो रही हैं जिसमें से आठ सीटें भाजपा के खाते में आएगी। फिलहाल केवल जेटली के नाम की घोषणा हुई है। माना जा रहा है कि बाकी सीटों के लिए घोषणा शनिवार तक होगी।