मध्य प्रदेश और राजस्थान की तैयारी में जुटी भाजपा
मध्य प्रदेश और राजस्थान में इसी साल के अंत में चुनाव होने हैं। पिछले कुछ महीनों में मध्य प्रदेश में लगातार आंदोलन हो रहे हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । हाल के उपचुनावों में भाजपा के लिए झटका देने वाले चुनावी राज्यों राजस्थान और मध्य प्रदेश में पार्टी नई रणनीति के साथ मैदान मे उतरेगी। मध्य प्रदेश में संगठन की कमान राकेश सिंह के हाथ दे दी है। अगले एक दो दिनों में राजस्थान के नए अध्यक्ष की भी घोषणा हो जाएगी। केंद्र से निर्देश के बाद वर्तमान अध्यक्ष अशोक परनामी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं आंध्र प्रदेश में टीडीपी के राजग से अलग होने के बाद वहां भी नए अध्यक्ष के साथ मैदान मे उतरने की योजना है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में इसी साल के अंत में चुनाव होने हैं। पिछले कुछ महीनों में मध्य प्रदेश में लगातार आंदोलन हो रहे हैं। जबकि राजस्थान में पार्टी की स्थिति बहुत कमजोर हो गई है। खासतौर से मुख्यमंत्री के खिलाफ माहौल देखने को मिला है। ये दोनों राज्य 2019 लोकसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। राजस्थान से जहां भाजपा ने सभी 25 लोकसभा सीटें जीती थी वहीं मध्य प्रदेश मे भी जीत का आंकड़ा नब्बे फीसद रहा था।
यूं तो चुनावी राज्य में परिवर्तन से भाजपा हमेशा बचती रही है लेकिन इन दोनों राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष में बदलाव को भावी रणनीति से ही जोड़कर देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा के साथ ही चुनाव होना है। यूं तो वहां भाजपा का बड़ा जनाधार नहीं है लेकिन यह चुनौती जरूर है कि विधानसभा और लोकसभा में पार्टी अपनी पूर्व सहयोगी टीडीपी को ताकत का अहसास कराए। वहां के प्रदेश अध्यक्ष हरीबाबू पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। जाहिर है कि वहां भी जल्द ही नया चेहरा होगा।