नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भाजपा ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर सोमवार को जमकर निशाना साधा। भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस पर कई सवाल उठाए। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस अगर भारत जोड़ो की बात करती है तो ये बड़ी विडम्बना की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति रही है 'बांटे आंगन और गलियारे, बांटे मंदिर और गुरुद्वारे, गांव-गांव और खेत-खेत में तुमने जाति-पाति की म्याद बांट दी और एक वोट की खातिर तुमने देश की बुनियाद बांट दी।'

भाजपा ने कांग्रेस पर दागे सवाल

भाजपा नेता ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्य ये प्रेरित भारत जोड़ो यात्रा केरल से शुरू हुई, जहां कांग्रेस के नेता इस यात्रा के सहभागी बने। उन्होंने कहा कि केरल में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के नेताओं ने सड़क पर बीफ पार्टी की थी। उन्होंने कहा कि इसके बाद पादरी जॉर्ज पुनिया भारत जोड़ो यात्रा के सहभागी बने, जिन्होंने कहा था कि वे भारत की धरती को अपवित्र मानते हैं।

बांटने की राजनीति करती है कांग्रेसः भाजपा

भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि तमिलनाडु में राहुल गांधी एसपी उदय कुमार से मिले, जो तमिल पृथकता का बयान तक दे चुके हैं। फिर तमिलनाडु में कमल हसन को साक्षात्कार देते हैं, जहां राहुल गांधी कहते हैं देश के पास भ्रमित विजन है।

कांग्रेस नेता ने सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए सवालः भाजपा

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के स्थाई साथी कन्हैया कुमार रहे, जिनका संबंध टुकड़े-टुकड़े गैंग से रहा। उन्होंने कहा कि जब ये यात्रा कश्मीर के नजदीक पहुंचती है, तब यात्रा के संयोजक दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल करते हैं। भाजपा के नेता ने राहुल गांधी से सवाल किया कि नफरती जहरबुझे सामानों को लेकर कौन-सी मोहब्बत का अभियान चला रहे थे राहुल गांधी?

पीएम मोदी के कारण कश्मीर में राहुल झंडा फहराने में सफलः भाजपा

भाजपा ने कहा कि आज अगर राहुल गांधी कश्मीर में झंडा फहराने में सफल हो रहे हैं तो सिर्फ इसलिए, क्योंकि हमारे संयोजक ने अपने प्राण त्यागे और हमारे प्रधानमंत्री ने अगस्त 2019 में कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया।

यह भी पढ़ें: पांच साल में मेडिकल डिवाइस आयात दोगुना, लेकिन चीन से आयात तीन गुना बढ़ा; इंपोर्ट पर निर्भरता 80% से अधिक

यह भी पढ़ें: Fact Check: आम आदमी की तरह ट्रेन में सफर करते डॉ. कलाम की यह तस्वीर उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के बाद की है

Edited By: Devshanker Chovdhary