Move to Jagran APP

अमित शाह बोले, 'कांग्रेस मुक्त भारत' से मेरा आशय कांग्रेस पार्टी को खत्‍म करना नहीं...!

अमित शाह ने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के जमाने में बीमारू राज्य का तमगा लगा था, यह कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम था।

By Tilak RajEdited By: Published: Mon, 11 Jun 2018 11:00 AM (IST)Updated: Mon, 11 Jun 2018 11:00 AM (IST)
अमित शाह बोले, 'कांग्रेस मुक्त भारत' से मेरा आशय कांग्रेस पार्टी को खत्‍म करना नहीं...!

अंबिकापुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इन दिनों छत्‍तीसगढ़ में हैं। रविवार को अंबिकापुर में मुख्‍यमंत्री रमन सिंह के साथ विकास यात्रा और सभा को अमित शाह ने संबोधित किया। वहीं आज प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्‍होंने अविभाजित मध्यप्रदेश को बीमारू राज्‍य बनाने का जिम्‍मेदार कांग्रेस शासनकाल को ठहराया।

loksabha election banner

अमित शाह ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के दौरान कहा कि 15 साल से भाजपा का शासन छत्‍तीसगढ़ में है, इसके बावजूद लोग मन से रमन सिंह को मुख्‍यमंत्री के रूप में फिर से एक बार देखना चाहते हैं, अंबिकापुर में विकास यात्रा और सभा के दौरान यह देखने को मिला। पार्टी का राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष होने के नाते इस बात पर गर्व भी महसूस होता है। उन्‍होंने कहा, 'छत्‍तीसगढ़, पहले मध्‍यप्रदेश का हिस्‍सा रहा है। 80 के दशक में मध्‍यप्रदेश बीमारू राज्‍यों की सूची में शामिल हुआ करता था। बिहार, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍यप्रदेश और राजस्‍थान उस समय बीमारू राज्‍यों में शामिल थे। बीमारू राज्‍य का तमगा कांग्रेस के शासनकाल की वजह से रहा था। लेकिन मध्‍यप्रदेश से अलग होने के बाद छत्‍तीसगढ़ अलग राज्‍य बना और पहले ही चुनाव में यहां भाजपा की सरकार बनी। इसके बाद छत्‍तीसगढ़ के विकास की जो यात्रा शुरू हुई, उससे बीमारू राज्‍य का तमगा हट गया है। छत्‍तीसगढ़ आज विकासशील राज्‍यों की सूची में शामिल है।

भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा कि बिना विपक्ष लोकतंत्र की कल्पना नही की जा सकती। 'कांग्रेस मुक्त भारत' से मेरा आशय कांग्रेस पार्टी को खत्‍म करने से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति और गलत नीतियों से मुक्ति का है। यह अलग बात है कि कांग्रेस खुद देश से पिछड़ती और सिमटती जा रही है। उन्‍होंने कहा कि छतीसगढ़ में हुए पहले चुनाव में ही सत्ता में काबिज होने के बाद डॉ. रमन सिंह की सरकार ने सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी विकास की गति को बरकरार रखा है। 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा और मुख्यमंत्री के प्रति जनता का प्रेम, सहयोग से स्पष्ट है कि छतीसगढ़ में मिशन-65 प्लस सफल होगा और चौथी बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के जमाने में बीमारू राज्य का तमगा लगा था, यह कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम था। आज छतीसगढ़ की योजनाएं कई प्रदेशों के लिए सीख बनी हुई है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण पार्टी का अंदरूनी मामला है, इसे अभी से ही सार्वजनिक नही किया जा सकता है। पेट्रोल डीजल के दामों में वृद्धि को लेकर शाह ने कहा कि सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है। पिछले 12 दिनों से मूल्य नियंत्रण में है। लगभग 1 रुपए दाम में गिरावट आ चुकी है।

इससे पहले रविवार को अमित शाह ने आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया है, उन्होंने कहा कि कि जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक एससी/एसटी एक्ट और आरक्षण को खत्म नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही चुनावी मौसम शुरू होगा और कांग्रेस इस बाबत लोगों के बीच झूठ फैलाने की कोशिश करेगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने लोगों से कहा कि कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने देश पर राज किया है, बावजूद इसके देश का विकास नहीं हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.