Move to Jagran APP

BJP on Newsclick: भारत विरोधी गर्भनाल से जुड़े कांग्रेस, चीन और न्यूज क्लिक: भाजपा

मंगलवार से लोकसभा में सरकार के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी है जिसमें दोनों ओर से काफी तीखे आरोप प्रत्यारोप होंगे। उससे पहले सोमवार को भाजपा ने आरोप लगाया है कि न्यूज क्लिक जैसी न्यूज एजेंसियों के माध्यम से एंटी इंडिया-ब्रेक इंडिया अभियान चलाया जाता है। भाजपा ने कहा कि कुछ देश न्यूज प्लेटफार्म के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाने में लगे हैं।

By Jagran NewsEdited By: Mohd FaisalPublished: Mon, 07 Aug 2023 07:25 PM (IST)Updated: Mon, 07 Aug 2023 07:25 PM (IST)
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (फोटो पीटीआई)

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मंगलवार से लोकसभा में सरकार के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी है, जिसमें दोनों ओर से काफी तीखे आरोप प्रत्यारोप होंगे। उससे पहले सोमवार को भाजपा ने आरोप लगाया है कि न्यूज क्लिक जैसी न्यूज एजेंसियों के माध्यम से एंटी इंडिया-ब्रेक इंडिया अभियान चलाया जाता है।

भारत ने पहले ही न्यूज क्लिक के विरुद्ध कार्रवाई की थी, तब कांग्रेस और वामदलों के नेता उसके समर्थन में खड़े हो गए थे। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने तल्ख टिप्पणी की है कि कांग्रेस, चीन और न्यूज क्लिक भारत विरोधी एक ही गर्भनाल से जुड़े हैं।

भारत के विरुद्ध नैरेटिव बनाने का प्रयास- राजीव चंद्रशेखर

वहीं, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि भारत विरोधी फर्जी इंटरनेट मीडिया खातों के माध्यम से जिस तरह का नैरेटिव बनाने का प्रयास किया जाता है, वही समान बातें कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश जाकर करते हैं।

'कांग्रेस ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाने का किया प्रयास'

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि आइएनडीआइए गठबंधन, इसके नेता और इससे पोषित-समर्थित लोग कभी भारत का हित नहीं सोच सकते। भारत लंबे समय से दुनिया को बता रहा था कि न्यूज क्लिक भी प्रचार का एक खतरनाक एक वैश्विक जाल है। राहुल गांधी की नकली मुहब्बत की दुकान में चीनी सामान साफ नजर आने लगा है।

उन्होंने आगे कहा कि न्यूज क्लिक के खिलाफ भारत में रेड पांच दिन तक चली। कहां-कहां से पैसा लिया गया, यह सामने आया है। विदेशी नेवल राय सिंघम ने इसकी फंडिंग की। उसको चीन फंडिंग करता है। नेवल राय का संबंध कम्युनिस्ट पार्टी आफ चाइना के प्रोपेगेंडा आर्मी के साथ है। हमने 2021 में न्यूज क्लिक के बारे में खुलासा किया था कि कैसे विदेशी हाथ भारत के खिलाफ हैं। तब एंटी इंडिया, ब्रेक इंडिया अभियान में कांग्रेस और विपक्षी दल भी न्यूज क्लिक के समर्थन में आ गए थे।

'हम भारत के टुकड़े-टुकड़े नहीं होने देंगे'

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि अमेरिका में एक अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि विदेशी मीडिया ने कैसे न्यूज क्लिक को बेनकाब किया है और कांग्रेस का हाथ कैसे उसे सहयोग-समर्थन करने में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़ी हो जाए, लेकिन हम भारत के टुकड़े-टुकड़े नहीं होने देंगे। दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने विदेशी ताकतों के साथ हाथ मिलाने का प्रयास किया।

क्या राहुल गांधी जवाब देंगे कि राजीव गांधी फाउंडेशन को जो पैसा मिला, वह कहां-कहां खर्च हुआ? जो हाईलेवल मीटिंग चीन के साथ हुई, वह क्या थी? सोरोस से सिंघम और चीन से कांग्रेस तक, सभी एंटी इंडिया, ब्रेक इंडिया अभियान चला रहे हैं। यह भी स्पष्ट हो गया कि राहुल गांधी के लिए स्कि्रप्ट कहां से लिखकर आती है?

फर्जी खबरें फैला रहे हैं कुछ देश- राजीव चंद्रशेखर

वहीं, राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि कुछ देश न्यूज प्लेटफार्म के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाने में लगे हैं। उसमें कुछ राजनीतिक दल भी शामिल हैं। यह पहली बार नहीं हो रहा है। कुछ साल पहले हजारों अकाउंट इंटरनेट मीडिया से हटाए गए थे, जो कि पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आदि के द्वारा चलाए जा रहे थे। वह भ्रम, हिंसा और नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे थे।

भारत सरकार के खिलाफ नफरत फैला रहे थे- राजीव चंद्रशेखर

उन्होंने आगे कहा कि इसी तरह खालिस्तान समर्थकों द्वारा द्वारा भी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म का प्रयोग किया जा रहा था, वह खाते भी कुछ माह पहले हटाए गए। वह भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नफरत फैला रहे थे। इन सभी का उद्देश्य समान है। ऐसा ही न्यूज क्लिक के द्वारा किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वही समान बातें विदेश जाकर राहुल गांधी कहते हैं, जो नैरेटिव इन इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भारत के खिलाफ बनाने करने का प्रयास किया जाता है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.