BJP सांसद लॉकेट चटर्जी का ममता सरकार पर आरोप, सरस्वती पूजा मनाने की अनुमति नहीं दे रही बंगाल सरकार
लॉकेट चटर्जी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने सीएए विरोधी प्रदर्शनों को भी तुष्टीकरण की राजनीति करार दिया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। लोकसभा में भाजपा सदस्य लॉकेट चटर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बंगाल सरकार लोगों को राज्य में सरस्वती पूजा मनाने की अनुमति नहीं दे रही है।शून्यकाल में यह मसला उठाते हुए लॉकेट चटर्जी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) विरोधी प्रदर्शनों को भी तुष्टीकरण की राजनीति करार दिया।
सदन में जिस समय विरोधी सदस्य भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े की महात्मा गांधी पर विवादित टिप्पणी का विरोध कर रहे थे तब लॉकेट ने कहा, 'बंगाल में हालात ऐसे हैं कि लोगों को सरस्वती पूजा मनाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।' टीडीपी के जयदेव गल्ला ने जगनमोहन रेड्डी सरकार के खिलाफ विरोध कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज का मसला उठाया। ये लोग आंध्र प्रदेश की तीन राजधानियां बनाने के संबंध में आंध्र प्रदेश विकेंद्रीकरण विधेयक पारित किए जाने के सरकार के कदम का विरोध कर रहे थे।राजस्थान से दो भाजपा सांसदों निहाल चंद और राहुल कासवान ने राज्य में खेतों पर टिड्डियों के हमले का मसला उठाया।