'अगले पांच से 10 वर्ष में अलग राज्य बन सकता है उत्तर कर्नाटक', भाजपा विधायक के बयान से राजनीतिक चर्चा तेज
अराभावी से विधायक जारकिहोली ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री उमेश कट्टी के अलग राज्य बनाने के विचार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कट्टी का मानना था कि उत्तर कर्नाटक अलग राज्य बनता है तो बेलगावी उसकी राजधानी होगी और क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।

अगले पांच से 10 वर्ष में अलग राज्य बन सकता है उत्तर कर्नाटक- भाजपा विधायक (फोटो- एएनआई)
HighLights
बेलगावी को राजधानी बनाने की उठी मांग, विधानसभा के शीतकालीन सत्र में क्षेत्रीय विकास के मुद्दे उठाने की तैयारी
अराभावी से विधायक जारकिहोली ने शीतकालीन सत्र में उत्तर कर्नाटक के मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए
पीटीआई, बेलगावी। कर्नाटक में अलग उत्तर कर्नाटक राज्य बनाने की मांग अगले पांच से दस वर्षों में हकीकत बन सकती है। यह दावा भाजपा विधायक बालकृष्ण जारकिहोली ने किया है। उनके इस बयान से राज्य में अलग उत्तर कर्नाटक की मांग को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
अराभावी से विधायक जारकिहोली ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मंत्री उमेश कट्टी के अलग राज्य बनाने के विचार का समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि कट्टी का मानना था कि उत्तर कर्नाटक अलग राज्य बनता है तो बेलगावी उसकी राजधानी होगी और क्षेत्र का तेजी से विकास होगा।
उन्होंने कहा कि बेलगावी में सुवर्ण विधान सौधा का निर्माण क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। व्यापक विकास के लिए अलग राज्य की मांग पर विचार करना जरूरी है।
जारकिहोली ने कहा कि आगामी दो दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उत्तर कर्नाटक के मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि नौ दिवसीय सत्र में कम से कम पांच दिन इस क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के लिए निर्धारित किए जाएं। उन्होंने सिंचाई, किसानों की समस्याओं, सूखे और बुनियादी ढांचे के विकास को प्रमुख मुद्दे बताया। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से क्षेत्र के हित में एकजुट होने की अपील की।