मध्य प्रदेश में झटके के बाद छत्तीसगढ़ में बचाव मुद्रा में भाजपा, कांग्रेस में शामिल होने का सता रहा डर
अफवाह करार देते हुए भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है कि कांग्रेस अपने विधायकों के असंतोष को दबाने के लिए भाजपा विधायकों को लेकर बयानबाजी कर रही है।
रायपुर, जेएनएन। भाजपा ने कर्नाटक में कांग्रेस विधायकों को अपने पाले में करके जीत दर्ज की तो मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दो विधायक तोड़कर उनको झटका दिया। अब छत्तीसगढ़ में भाजपा बचाव की मुद्रा में है। भाजपा के आला नेताओं ने सभी विधायकों से संपर्क करके चर्चा की है।
भाजपा के आला नेताओं ने कहा कि प्रदेश में जो 14 विधायक हैं, वो भाजपा की विचारधारा के कट्टर समर्थक हैं। ऐसे में उनके कांग्रेस के साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। वहीं, भाजपाई कांग्रेसी दावे को ट्रोल कर रहे हैं और कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है कि कांग्रेस अपने विधायकों के असंतोष को दबाने के लिए भाजपा विधायकों को लेकर बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस की ओर से यह अफवाह भी उड़ाई जा रही है कि भाजपा विधायकों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के आवास पर बैठक हुई है।
इसे भी पढ़ें: Madhya Pradesh: भाजपा को लगे झटके से शाह नाराज, डैमेज कंट्रोल में जुटे पार्टी के वरिष्ठ नेता
बताया जा रहा है कि डॉ रमन के आवास पर कोई बैठक नहीं हुई है। भाजपा नेता पंकज झा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि छत्तीसगढ़ के करीब दो दर्जन विधायक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से नाराज हैं। कुछ मंत्री भी भूपेश बघेल के नेतृत्व से नाराज हैं। ऐसे में अपने विधायकों को बचाने के लिए कांग्रेस झूठे दावे कर रही है।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी ने एक बार फिर दोहराया कि कांग्रेस और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC) के कुछ विधायक संगठन के संपर्क में हैं।
बैठक के बहाने विधायकों की लेंगे टोह
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सदस्यता अभियान की बैठक शनिवार को सुबह 11 बजे आयोजित की गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, मोर्चा प्रकोष्ठ प्रभारी रामप्रताप सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश सदस्यता अभियान प्रभारी संतोष पांडेय सहित सांसद, विधायक, पूर्व मंडल अध्यक्ष, निगम अध्यक्ष व पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में राज्य में अब तक की सदस्यता को लेकर की गई प्रगति पर चर्चा होगी। केंद्र द्वारा निर्धारित लक्ष्य व आगामी कार्यक्रमों की बिंदुवार चर्चा की जाएगी। बैठक दो सत्र में आयोजित की गई है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में विधायकों पर विशेष फोकस रहेगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप