विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उन्हें भू-राजनीति की समझ नहीं': भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा, कहा- वे लगातार पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:17 AM (IST)

भाजपा ने कांग्रेस नेता को भू-राजनीति की समझ से अनजान बताते हुए उन पर पाकिस्तान-समर्थक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। भाजपा ने राहुल की टिप्पणी का मजाक उड़ाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार एक तस्वीर भी साझा की।

भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- उन्हें भू-राजनीति की समझ नहीं

भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- उन्हें भू-राजनीति की समझ नहीं

HighLights

  1. भाजपा ने साझा की एआई से बनी तस्वीर, राहुल पर पाकिस्तान समर्थक दुष्प्रचार करने का लगाया आरोप 

  2. रिजिजू बोले- देश के खिलाफ बयान न दें, चिराग पासवान ने विदेश में बदनाम करने का लगाया आरोप 

पीटीआई, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की त्रिपक्षीय बैठक में भारत की गैरमौजूदगी पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को उन पर पलटवार किया।

पार्टी ने कांग्रेस नेता को भू-राजनीति की समझ से अनजान बताते हुए उन पर पाकिस्तान-समर्थक दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। भाजपा ने राहुल की टिप्पणी का मजाक उड़ाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार एक तस्वीर भी साझा की। इसमें राहुल गांधी को तीनों राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को पेय परोसते दिखाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने तंज में एक्स पर इमोजी के साथ यह तस्वीर साझा की। वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी को देश के भीतर या विदेश में भारत के खिलाफ बयान नहीं देना चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका, चीन और रूस की त्रिपक्षीय बैठक से भारत की वैश्विक स्थिति तय नहीं होती। भारत ब्रिक्स, क्वाड, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ), जी-20 और जी-7 जैसे मंचों के जरिये दुनिया की अलग-अलग शक्तियों के साथ जुड़ा हुआ है।

उन्होंने एक्स पर लिखा कि भारत 2016 में मिसाइल टेक्नोलाजी कंट्रोल रिजीम (एमटीसीआर), 2017 में वासेनार व्यवस्था और 2018 में आस्ट्रेलिया समूह में शामिल हुआ। भारत 2017 में एससीओ का पूर्ण सदस्य भी बना।

अग्रवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब सोनिया गांधी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से क्यों मिलती थीं और उनका आधिकारिक दायित्व क्या था?

भाजपा के राष्ट्रीय इंटरनेट मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि हर अंतरराष्ट्रीय समूह भारत के इर्द-गिर्द नहीं घूमता। उन्होंने याद दिलाया कि एपेक की स्थापना नवंबर 1989 में हुई थी, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे।

यह प्रशांत महासागर से लगे देशों की अर्थव्यवस्थाओं का मंच है। भारत की सीमा प्रशांत महासागर से नहीं लगती, इसलिए इस मंच में उसकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं है।

अमेरिका में राहुल के बयानों पर भी भाजपा का हमला

दरअसल, बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत को हमेशा से भू-राजनीति की गहरी समझ रही है, लेकिन अब वैश्विक मामलों में उसे किनारे कर दिया गया है।

उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में पाकिस्तान की भूमिका का भी जिक्र किया था। इस पर भाजपा नेता सीआर केशवन ने राहुल गांधी के बयान को भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठकर भारत को वैश्विक मामलों में दरकिनार बताना निंदनीय है।

पाकिस्तान से राहुल को क्यों है इतना लगाव: भंडारी

उधर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना लगाव क्यों है! हर वैश्विक मंच पर राहुल ऐसे बर्ताव करते हैं जैसे वे पाकिस्तान के बहुत बड़े फैन हों। उन्होंने आगे कहा, एक बार फिर उन्होंने विदेश नीति के मामले में पाकिस्तान को अपना आदर्श (रोल मॉडल) मान लिया है।

भंडारी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के प्रति अपने प्यार के कारण गांधी यह भूल गए हैं कि रूस-यूक्रेन संघर्ष में भारत ने शांति के लिए क्या प्रयास किए हैं। एक अन्य पोस्ट में, भंडारी ने एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि अमेरिका में राहुल गांधी के कार्यक्रम में इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल (आइएएमसी) के रशीद अहमद मौजूद थे।

उन्होंने आरोप लगाया, आइएएमसी के संबंध पाकिस्तान के आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी और मुस्लिम ब्रदरहुड से हैं। इधर लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय अर्थव्यवस्था को बदनाम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने ऐसे नैरेटिव गढ़ने में विदेशी शक्तियों की भूमिका होने का संदेह जताया। जदयू ने फिक्की के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना की।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण उद्योग जगत को रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करने वाला था। उनका उद्देश्य उद्योगपतियों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना था कि सरकार की ओर से निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किए जाने के बावजूद वे रोजगार बढ़ाने में कितना योगदान दे रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।