Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गांव से लौटने के बाद शिंदे ने रद की सभी बैठकें, उधर अजित पवार दिल्ली रवाना; महाराष्ट्र में सरकार गठन की हलचल तेज

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन की कवायद तेज कर दी है। सोमवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। बुधवार को सीएम चेहरे का एलान होगा। गुरुवार यानी पांच दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह है। उधर कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने पैतृक गांव से लौट आए हैं। बावजूद इसके उन्होंने सभी बैठकों को रद कर दिया है।

    By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Mon, 02 Dec 2024 08:33 PM (IST)
    Hero Image
    महाराष्ट्र में सरकार बनाने की कवायद तेज। ( फाइल फोटो )

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के 10 दिन बाद अब नई सरकार के गठन की हलचल तेज हो गई है। बुधवार को दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद महायुति के तीनों दल राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। पांच दिसंबर को शाम पांच बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा ने अभी नहीं चुना विधायक दल का नेता

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम 23 नवंबर को ही आ गए थे। मगर सबसे ज्यादा 132 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी की ओर से अभी तक विधायक दल का नेता नहीं चुना जा सका है। इसके कारण सरकार गठन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। सरकार गठन में हो रही देरी के कारण विपक्ष भी हमलावर होने लगा है।

    उद्धव ने की राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

    राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार इसे जनादेश का अपमान बता चुके हैं तो आज शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर दी है। मगर इसी बीच भाजपा नेतृत्व ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मुंबई भेजने का फैसला किया है।

    देवेंद्र फडणवीस का नाम तय!

    प्रदेश भाजपा के सूत्रों के अनुसार चार दिसंबर को सुबह 10 बजे विधानभवन के सेंट्रल हाल में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में पांच दिसंबर को शपथ लेगा। अभी तक मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। मगर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि इस पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम तय है।

    शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज

    देवेंद्र 2014 से 2019 तक मुख्यमंत्री और जून 2022 से नवंबर 2024 तक उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले व वरिष्ठ नेता प्रवीण दरेकर ने आज दक्षिण मुंबई स्थित आजाद मैदान का दौरा किया। उसी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

    शिंदे रद की सभी बैठकें

    कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सातारा स्थित अपने गांव से ठाणे वापस आ जाने के बावजूद ढाई साल से राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति की बैठक आज भी नहीं हो सकी। तेज बुखार एवं गले में संक्रमण की शिकायत होने के कारण उन्होंने आज भी अपनी सभी बैठकें रद कर दीं। इनमें महायुति के तीनों दलों के नेताओं की बैठक के अलावा उनकी अपनी पार्टी की बैठकें भी शामिल थीं।

    दिल्ली रवाना हुए अजित पवार

    महायुति की बैठक होती न देख राकांपा अध्यक्ष अजित पवार भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। मगर यह स्पष्ट नहीं है कि वहां उनकी किसके साथ मुलाकात होनी है। वह पहले ही भाजपानीत सरकार को अपना पूरा समर्थन होने की बात कह चुके हैं। शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं का भी कहना है कि सरकार के गठन में कोई अड़चन नहीं है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिंदे का स्वास्थ्य ठीक होने एवं भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद तीनों दल मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर देंगे।

    श्रीकांत ने खारिज की डिप्टी सीएम बनने की अटकलें

    एकनाथ शिंदे के सांसद पुत्र श्रीकांत शिंदे ने उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रसार माध्यमों में चल रही अपने नाम की खबरों का खंडन करते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा है कि ये खबरें बेबुनियाद हैं। मुझे मंत्री बनना होता तो मैं केंद्र सरकार में ही मंत्री बन गया होता, लेकिन मैं फिलहाल पार्टी संगठन का काम करना चाहता हूं।

    यह भी पढ़ें: 4 दिसंबर को होगा महाराष्ट्र के नए सीएम का एलान, अजित पावर दिल्ली रवाना; इस नेता का नाम तय!

    यह भी पढ़ें: सूरत में बेडरूम में मिली महिला भाजपा नेता की लाश, मौत से पहले आखिरी कॉल पर कही ये बात