छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है जिसे कोई उखाड़ नहीं सकता: शाह
अमित शाह अटल विकास यात्रा में हिस्सा लेने के बाद यहां का सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के राजनांद गांव में 'अटल विकास यात्रा' को संबोधित किया। इस सभा में उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल को सराहते हुए कहा कि, ‘छत्तीस गढ़ में भाजपा की सरकार अंगद के पैर की तरह है जिसे कोई नही उखाड़ सकता है।’ अमित शाह अटल विकास यात्रा में हिस्सा लेने के बाद यहां का सियासी पारा तेजी से चढ़ने लगा है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह की अटल विकास यात्रा के बहाने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सूबे के डोंगरगढ़ में चुनावी शंखनाद कर दिया। उन्होंने दूसरे चरण की विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाने के साथ ही सभा को संबोधित किया, इस दौरान उनके निशाने पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस रहा।
साहबजादे को चार साल का हिसाब मांगने का अधिकार नहीं
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि साहबजादे मोदी सरकार के चार साल का हिसाब मांग रहे हैं। उन्हें हिसाब मांगने का अधिकार नहीं। शाह ने कहा कि हम हिसाब उन्हें क्यों दें? उन्हें तो चार पीढ़ी का हिसाब जनता को देना चाहिए। बताना चाहिए कि देश में 60 साल तक राज करने के बाद भी कांग्रेस ने जनता को क्या दिया, सिर्फ कोयले की चोरी की। भाजपा सरकार ने हर गांव तक सड़क, हर घर बिजली और शौचालय के साथ उज्जवला गैस भी पहुंचाई है। शाह ने 2018 में रमन सरकार और 2019 में मोदी की फिर से सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।
रमन सरकार की तरीफ करते हुए शाह ने कहा कि रमन सरकार अंगद पांव की तरह है, इसे उखाड़ना मुश्किल है। कांग्रेस ऐसे सपने न देखे। छत्तीसगढ़ का लगातार विकास हो रहा है। अटलजी ने छत्तीसगढ़ बनाया और उनके सपनों को रमन संवार रहे हैं। अटल जी के सपनों को पूरा करने के लिए प्रदेश में चौथी बार फिर भाजपा की सरकार बनाने की जरूरत है। इससे पहले शाह रायपुर में कबीरपंथी धर्मगुरु प्रकाशमुनि के आवास पर जाकर उनका समर्थन मांगा। इसके बाद डोंगरगढ़ पहुंचते ही मां बंलेश्वरी मंदिर में मत्था टेका। फिर नीचे के मंदिर के पास अटल स्मारक के लिए मिट्टी खोदी और कलश में एकत्र की।
जनता को समर्पित
- नवा छत्तीसगढ़ 2025 का अटल के सपनों का छत्तीसगढ़ थीम सांग
- नवा छत्तीसगढ़ पर ब्रोशर
- नवा छत्तीसगढ़ पर वेबसाइट लांच की