भाजपा महासचिव सीटी रवि ने की कर्नाटक में भी नई जनसंख्या नीति लाने की वकालत
चिकमगलुरु से विधायक रवि ने कहा प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं। जनसंख्या विस्फोट होने पर हर नागरिक की जरूरतों की पूर्ति मुश्किल होगी। भाजपा शासित कर्नाटक के कानून मंत्री बासवराज बोम्मई सोमवार को कह चुके हैं कि इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के बाद फैसला लिया जाएगा।
बेंगलुरु, प्रेट्र। सीमित प्राकृतिक संसाधनों के मद्देनजर बढ़ती आबादी पर अंकुश लगाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने मंगलवार को कर्नाटक में भी असम व उत्तर प्रदेश की तर्ज पर नई जनसंख्या नीति लाए जाने की वकालत की।
चिकमगलुरु से विधायक रवि ने कहा, 'प्राकृतिक संसाधन सीमित हैं। जनसंख्या विस्फोट होने पर हर नागरिक की जरूरतों की पूर्ति मुश्किल होगी।' भाजपा शासित कर्नाटक के कानून मंत्री बासवराज बोम्मई सोमवार को कह चुके हैं कि इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के बाद फैसला लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में जनसंख्या नीति 2021-2030 से पर्दा उठाया है। इसके तहत प्रदेश में समयबद्ध तरीके से बढ़ रही आबादी को रोकने और मातृ-शिशु मृत्युदर कम करने की योजना है। राज्य विधिक आयोग की वेबसाइट पर उत्तर प्रदेश जनसंख्या नियंत्रण विधेयक के प्रारूप को अपलोड भी किया गया है। उत्तर प्रदेश की तरह असम में भी भाजपा सरकार है और उसने भी घोषणा की है कि राज्य की योजनाओं का लाभ लेने के लिए धीरे-धीरे दो बच्चों की नीति लागू की जाएगी।