भाजपा का राजीव गांधी ट्रस्ट पर बड़ा आरोप, मेहुल चोकसी और जाकिर नाइक ने दिए लाखों रुपये
भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राजीव गांधी ट्रस्ट को जाकिर नाइक ने 50 लाख रुपये और पीएनबी बैंक को करोड़ों का चूना लगाने वाले मेहुल चोकसी ने ट्रस्ट को 10 लाख रुपये दिए थे।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मेहुल चोकसी के सहारे भाजपा को घेरने की कोशिश करती रही कांग्रेस को भाजपा ने ही उल्टा लपेट दिया। भगौड़े मेहुल के साथ साथ जाकिर हुसैन, जिग्नेश शाह, राणा कपूर जैसे लोगों से कांग्रेस की साठगांठ का आरोप लगाते हुए भाजपा ने चेक नंबर और तिथि के साथ दावा किया कि इन्होंने करोड़ों रुपये गांधी परिवार के अधीन राजीव गांधी फाउंडेशन(आरजीएफ) को दिया था। इन सभी लोगों को प्रीवेंशन आफ मनी लाड्रिंग एक्ट के तहत मामला चल रहा है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि ये आरोप नहीं तथ्य हैं जो साबित करते हैं कि कांग्रेस काल में भ्रष्टाचार की सारी मंजिल 10, जनपथ पर जाकर खत्म होती थी। सभी भ्रष्टाचार के केंद्र मे गांधी वाड्रा परिवार था। जबकि कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि सरकार डरी हुई है और इसीलिए महंगाई, चीनी हमले, गोते खा रही जीडीपी पर जवाब देने के बजाय सोनिया गांधी, राहुल गांधी को निशाना बना रही है। पिछले दिनों में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरजीएफ पर करारा हमला किया था और बताया था कि किस तरह इसमें चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से भी पैसा आया था, राष्ट्रीय आपदा कोष से भी पैसा स्थानांतरित किया गया था और कई आरोपियों ने भी पैसा दिया था।
सोमवार को संबित ने सबूतों के साथ इसे पुष्ट किया। चेक नंबर के साथ उन्होंने बताया कि पीएनबी घोटाले के मुख्य नायक मेहुल चोकसी के बेटे की कंपनी नवीराज एस्टेट ने 2014 में दस लाख रुपये आरजीएफ को दिए थे। मजे की बात यह है कि 2011-12 और 2012-13 में इस कंपनी ने कोई आय नहीं दिखाई थी। लेकिन बाद में इस कंपनी में एकमुश्त लगभग 50 करोड़ रुपए आए और उसी से आरजीएफ को पैसा दिया गया। यस बैंक के आरोपी राणा कपूर ने यह बैंक के खाते से 9.45 लाख रुपए आरजीएफ मे दिए।
संबित ने यह भी याद दिलाया कि राणा कपूर ने ही प्रियंका गांधी वाड्रा की पेटिंग को दो करोड़ रुपये में खरीदा था। जिग्नेश शाह की कंपनी एपटीआइएल से 50 लाख रुपये दिए गए थे। जबकि जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन ने भी 50 लाख रुपये दिए थे। जबकि जाकिर का पर्दाफाश हुआ तो आरजीएफ ने पैसा लौटाया तो लेकिन उस खाते में नहीं जिससे पैसा आया था।
संबित ने कहा कि बात यही नहीं रुकती है जीवीके एअर फाउंडेशन से 47 गाडि़यां भी आरजीएफ को दी गई थी। जीवीके पर 700 करोड़ से अधिक की अनियमितता के मामले में जांच चल रही है। संबित ने तंज किया कि कांग्रेस के काल में केवल लूट ही नहीं चल रही थी, किस गाड़ी मे पैसे ले जाना है इसका भी इंतजाम था। संबित ने कहा कि कांग्रेस की ओर से कभी इसका जवाब नहीं दिया जाता है। लेकिन जनता पूरी सच्चाई समझने लगी है।
चोकसी ने फाउंडेशन को कई लाख रुपये दिए
संबित पात्रा ने आगे कहा कि जहां भ्रष्टाचार है वहां कांग्रेस का नाम आता है। राजीव गांधी फाउंडेशन की कहानी कालाधन और अपराधियों के संरक्षण की कहानी है। ये डोनेशन साजिशन की गई। पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी ने डोनेशन किया था। चोकसी ने फाउंडेशन को कई लाख रुपये दिए। पीएनबी फ्रॉड का पैसा इस तरह कांग्रेस के फाउंडेशन में दान में जाता है।
जाकिर नाइक से भी मिला पैसा
पात्रा ने कांग्रेस पर आगे आरोप लगाते हुए कहा कि जाकिर नाइक की इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF), मैसर्स हारमोनी मीडिया प्राइवेट लिमिटेड से ट्रस्ट को पैसा दिया गया। मैसर्स हारमोनी मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 2012 से 2016 के बीच लगभग 50 करोड़ रुपये राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर दिए गए। वहीं, आइआरएफ ने साल 2003-04 में 64.86 करोड़ रुपये और 2016-17 के बीच 75 करोड़ रुपये दिए गए। इसकी पीएमएलए (प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) के तहत जांच हो रही है। इससे कांग्रेस को पैसा दिया गया।
राणा कपूर और जिग्नेश शाह ने भी डोनेशन दिया
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राजीव गांधी फाउंडेशन पर आगे आरोप लगाते हुए कहा कि यस बैंक स्कैम का आरोपी राणा कपूर ने 14 सितंबर 2016 को 9.45 लाख रुपये का फंड यस बैंक के फंड से राजीव गांधी फाउंडेशन को ट्रांसफर किए। ये किसी का पर्सनल फंड नहीं था, बैंक का पैसा था, जो कांग्रेस को दे दिया गया। पात्रा ने कहा कि जिग्नेश शाह एनएससीएल स्कैम का आरोपी है। उसने भी 50 लाख का डोनेशन दिया।