बैंक और ट्रेड यूनियंस ने बुलाई दो दिन की हड़ताल, आज ही निपटा लें जरूरी काम
बेंगलुरु से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को इसकी वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
नई दिल्ली, एएनआइ। बैंक कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल पर जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक, 8 और 9 जनवरी यानि मंगलवार व बुधवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उधर कर्नाटक में भी ट्रेड यूनियंस ने हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अगर आपको भी बैंक में कोई काम है, तो उसे तुरंत निपटा लीजिए।
दस सेंट्रल ट्रेड यूनियन्स ने इस देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इन संगठनों का आरोप है कि केंद्र सरकार ने बैंक कर्मचारियों के हित में कदम नहीं उठाए। इस हड़ताल के बारे में ऑल इंडिया बैंक इम्प्लॉइज एसोसिएशन और बैंक इम्प्लॉइज फेडरेशन ने इंडियन बैंक एसोसिएशन को जानकारी दे दी है। एक बैंक ने बीएसई को भी इस बारे में जानकारी दे दी है।
वहीं दूसरी तरफ, कर्नाटक में भी ट्रेड यूनियंस ने हड़ताल का आह्वान किया है। बेंगलुरु से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार और बुधवार को इसकी वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। कर्मचारियों के संगठन केंद्र सरकार की नीतियों को श्रमिक विरोधी बता रहे हैं।