बांग्ला फिल्म अभिनेत्री अंजू घोष ने थामा भाजपा का दामन
नौवें दशक में आई फिल्म बेदेर मेये ज्योत्सना में अंजू ने अभिनय किया था। यह उस समय की चर्चित फिल्म थी।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बांग्ला फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्री अंजू घोष ने भाजपा का दामन थाम लिया। बुधवार को पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उनका स्वागत किया। नौवें दशक में आई फिल्म 'बेदेर मेये ज्योत्सना' में अंजू ने अभिनय किया था।
यह उस समय की चर्चित फिल्म थी। इस फिल्म से अंजू ने लोकप्रियता हासिल सिनेमा जगत में सफलता की सीढ़ी चढ़ी थी। वह बंगाल के साल्टलेक की निवासी हैं। अंजू घोष को बांग्लादेशी अभिनेत्री बताया जा रहा है। हालांकि उनकी नागरिकता के बारे में दिलीप घोष ने कुछ कहने से इन्कार कर दिया।
इस बारे में अंजू घोष का कहना है कि उन्होंने भारतीय नागरिक से शादी की है, इसलिए उन्हें यहां की नागरिकता प्राप्त है।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इस दिन अंजू के अलावा पंचायत समिति के विभिन्न विरोधी दलों के सात सदस्यों सहित करीब 6 हजार कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।
उत्तर 24 परगना जिले के वाजिदपुर ग्राम पंचायत समिति के माकपा, भाकपा, कांग्रेस व निर्दलीय सदस्यों ने भाजपा का झंडा थाम लिया। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण उनके स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा मुख्यालय के बाहर मंच तैयार किया गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप