Move to Jagran APP

2022 चुनाव में आए जनादेश का क्या है लब्बोलुआब, ये भारतीय राजनीति को किस तरह से करेगा प्रभावित

पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे भारतीय राजनीति के बारे में बहुत कुुछ कहते हैं। अगर जनता को लगा कि आप केवल सत्ता में आने के लिए और गिने चुने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं तो जनता आपको कभी वोट नहीं देगी।

By TilakrajEdited By: Fri, 11 Mar 2022 01:45 PM (IST)
2022 चुनाव में आए जनादेश का क्या है लब्बोलुआब, ये भारतीय राजनीति को किस तरह से करेगा प्रभावित
पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनाव परिणाम के मायने

कई महीनों तक चले चुनावी घमासान के बाद आज नतीजे सबके सामने आ गए। पांच राज्यों के चुनाव में दो दलों ने सबको चौकाते हुए जनता का भरोसा जीता है। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में जीत हासिल की है, तो वहीं आम आदमी पार्टी ने पंजाब में कांग्रेस को पटकनी देकर भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। इन दोनों पार्टियों की जीत अपने आप में बहुत कुछ बयां करती हैं। आइए जानते हैं कैसे।

मजबूत नेतृत्व का होना बहुत जरूरी

मजबूत नेतृत्व के होने से कार्यकर्ताओं में जोश भर जाता है और वह मन से काम करते हैं। 2022 के चुनावों के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अगर पार्टी का नेतृत्व अच्छा और सक्रिय रहता है तो जीत हासिल करना आसान हो जाता है। भारतीय जनता पार्टी में मोदी-योगी की जोड़ी और शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता तथा आम आदमी पार्टी का केजरीवाल फैक्टर पांच राज्यों के चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दिया है।

सही मुद्दों पर चुनाव लड़ना

चुनाव के समय कोई पार्टी जनता के बीच जा रही है, तो उसे व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए और सही मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में उतरना चाहिए। वो मुद्दे जिसका सीधा संबंध जनता से है, जैसे बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था आदि। अगर आप सत्तारुढ़ पार्टी का सही विकल्प बनने के लिए जनता को समझाने में कामयाब रहते हैं तो जनता आपको जरूर वोट देगी। क्योंकि जनता को असल मुद्दों से मतलब हैं मनोरंजन से नहीं।

वादा किया है तो उसे निभाना होगा

यह तो नहीं कहा जा सकता कि भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अपनी सरकार में सभी वादों को पूरा किया है, लेकिन अधिकतम वादों को पूरा करके उन्होंने जनता के बीच लोकप्रियता हासिल की है। जैसे उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने बहुत हद तक कानून व्यवस्था को ठीक किया है तथा राज्य की जनता के लिए कई लोक कल्याणकारी स्कीम चलाई, तो वहीं आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करके इसी मॉडल का पंजाब में खूब प्रचार किया और जनता से भरोसा हासिल किया। ऐसे में 2022 का चुनाव यह दिखाता है कि अगर आप जनता से कुछ वादे करते हैं, तो उसे जरूर निभाएं। नहीं तो जनता अगली बार आपको सत्ता से बाहर कर देगी।

क्षेत्र और देश के विकास के बारे में बात करें

क्षेत्र या देश की मजबूती के लिए किसी पार्टी की क्या योजना है, उसके बारे में जनता को बताना जरूरी है। अगर जनता को लगा कि आप केवल सत्ता में आने के लिए और गिने चुने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, तो जनता आपको कभी वोट नहीं देगी। आपके पास क्षेत्र या देश के विकास का ब्लू प्रिंट होना चाहिए। और इसे आप जनता के बीच ले जाइए और उन्हें समझाइए। इससे जनता के बीच आपकी पार्टी पर भरोसा होगा और वह आपको वोट भी देंगे।

आज के खास चुनावी नतीजे पर सुबह से ही Koo Studio पर महाकवरेज दिखाया गया। इस कार्यक्रम में जहां एक तरफ पल-पल की चुनावी खबरे यूजर तक पहुंचाई गई, तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी की जीत, चुनावी चेहरे, मुद्दे, चुनावी समीकरण और बड़े नेताओं की हार पर विशेषज्ञों द्वारा विश्लेषण किया गया।

आप भी देखिए पांच राज्यों के चुनावी नतीजों पर खास विश्लेषण 

आप विभिन्न राज्यों के चुनावी हलचल का सटीक विश्लेषण देखने के लिए @dainikjagran को Koo ऐप पर फॉलो करें।