सेना प्रमुख ने लद्दाख में बढ़ाया जवानों का हौसला, कहा- दुश्मन के मंसूबों को करना है नाकाम
थलसेना अध्यक्ष ने दिल्ली लौटने से पहले सेना की उत्तरी कमान को कड़ी सर्तकता से दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए कहा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। नए भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाने के केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पहले दौरे ने दुर्गम हालात में देश की सरहदों की रक्षा कर रहे सेना के जवानों का हौसला बढ़ाया। सैन्य सूत्रों के अनुसार थलसेना अध्यक्ष ने दिल्ली लौटने से पहले सेना की उत्तरी कमान की चौदह, पंद्रह व सोलह कोर को कड़ी सर्तकता से दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए कहा है।
जनरल नरवाने को आतंकवाद के खिलाफ मुहिम चलाने में भी महारत हासिल है
जनरल नरवाने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ मुहिम चलाने में भी महारत रखते हैं। वह प्रदेश में आतंकवाद से लड़ रही सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की कमान भी संभाल चुके हैं।
आतंक को इसी साल खत्म करने पर हो काम: सेना प्रमुख
उनके स्पष्ट निर्देश हैं कि जारी वर्ष में आतंकवाद को जड़ से समाप्त कर स्थायी शांति बहाल करने के प्रयास हों।
जनरल नरवाने ने लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालात की ली जानकारी
जनरल नरवाने ने लद्दाख के सुरक्षा हालात के साथ सेना की उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी से दोनों केंद्र शासित प्रदेशों के सुरक्षा हालात की जानकारी ली।
उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर चीन के दौरे पर हैं
इस समय सेना की उत्तरी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह चीन के दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार को लद्दाख में सेना की चौदह कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल हरेंद्र सिंह ने चीन, पाकिस्तान से सटे इलाकों के सुरक्षा हालात का जायजा भी लिया था।
थलसेना अध्यक्ष जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के हालात भी जानेंगे
सियाचिन के सुरक्षा हालात का जायजा लेने के बाद थलसेना अध्यक्ष अब जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के हालात का जायजा लेने के लिए आएंगे। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर सेना इस समय पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी का सामना करने के साथ घुसपैठ करवाने की साजिशों को भी नाकाम बना रही है।