मोदी सरकार के चार साल के काम-काज को घर-घर पहुंचाएगी भाजपा
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से ले रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही उन्होंने कहा कि अब गरीब को सरकार के पास नहीं आना है, सरकार को गरीब के घर तक जाना है। हमारी सरकार के दौरान गरीबों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिन्हें उन तक सीधे पहुंचाया जा रहा है।
मोदी सरकार के चार सालों के काम-काज को भाजपा अब घर-घर तक पहुंचाएगी। पार्टी ने इसे लेकर एक व्यापक रणनीति तैयार की है, इसके तहत 26 मई से लेकर 11 जून तक देश भर में अभियान चलेगा। जिसमें पार्टी के सभी सांसद सहित राज्यों के संगठन हिस्सा लेंगे। पार्टी के इस अभियान में खुद प्रधानमंत्री 26 मई को ओडिशा में कटक में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी मुख्यालय में सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करेंगे।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने मंगलवार को पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले अभियान को लेकर यह रूपरेखा जारी की। इसके तहत पार्टी की ओर से लाभार्थी सम्मेलन, पत्रकार वार्ता, बुद्धजीवी सम्मेलन, समरसता सम्मेलन, ग्राम सभा, स्वच्छता अभियान, बाइक रैली, वरिष्ठ नागरिकों से संपर्क और बूथ संपर्क अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएगे। वहीं इस अभियान के तहत विशेष संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें पार्टी के चार हजार वरिष्ठ नेता देश के एक लाख प्रबुद्ध व्यक्तियों से संपर्क करेंगे और उन्हें सरकार के उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इनमें केंद्र और राज्यों के मंत्री, सासंद, विधायक, निगम-मंडल के अध्यक्ष सहित पार्टी के जिला अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इन दौरान सभी 25-25 प्रबुद्ध लोगों से संपर्क करना होगा।
पार्टी ने इस दौरान प्रबुद्ध लोगों की एक श्रेणी भी जारी की है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश, सेना और प्रशासनिक सेवा के सेवा निवृत्त अधिकारी, साहित्य, कला, सिनेमा, लेखन, संगीत,खेल और सामाजिक संगठनों आदि से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से ले रही है। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तेल कंपनियों के अधिकारियों से तेल की कीमतों को लेकर बैठक भी करने जा रहे हैं। सरकार एक ऐसे फॉर्मूले पर काम कर रही है, जिससे पेट्रोल-डीजल के दाम कम किए जा सकें। दो-चार दिन में पेट्रोल-डीजल के दामों में कुछ कमी आ सकती है। ये बात आज पेट्रोलियम मंत्री ने भी कही है।
इससे पहले सोमवार को कर्नाटक के घटनाक्रम पर अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि अब कांग्रेस ने अपनी हार को जीत बताने का एक नया तरीका खोज लिया है। वह उम्मीद करते हैं कि जीत की यह नई परिभाषा 2019 तक जारी रहेगी और विपक्षी पार्टी की जीत की यही व्याख्या रही तो 2019 में भाजपा को कोई परेशानी नहीं होगी।