अर्धसैनिक बलों के साथ अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक, भारत के वीर फंड की होगी समीक्षा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज गृह मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय बैठक होने जा रही है। ये बैठक भारत के वीर फंड की समीक्षा करने के लिए आयोजित की गई है। भारत के वीर फंड गृह मंत्रालय की पहल है। इस बैठक में शामिल होने के लिए बीएसएफ के महानिदेशक, विवेक कुमार जौहरी और सीआरपीएफ के महानिदेशक, एपी महेश्वरी गृह मंत्रालय पहुंच गए हैं।
बता दें कि गृह मंत्रालय की तरफ से शहीद जवानों के परिवार के लिए पैसा जुटाने के लिए भारत के वीर फंड की शुरुआत की गई थी। इसके लिए पोर्टल भी बनाया गया है। इस पोर्टल पर शहीद जवानों की डिटेल्स होती हैं और सीधे शहीद के परिवार की मदद भी की जा सकती है। डोनेशन देने के साछ ही ऑनलाइन ट्रांसफर के साथ यूपीआई के जरिए भी पेमेंट की जा सकती है।
पुलवामा हमले के बाद काफी सक्रिय हुए लोग
भारत के वीर फंड में स्वैच्छित तौर पर भी डोनेशन दिया जा सकता है। इस पोर्टल पर शहीद जवानों की सारी जानकारी होती है। पुलवामा हमले के बाद इस पोर्टल पर लोगों की सक्रियता काफी बढ़ गई है।
2017 में भारत के वीर फंड की शुरुआत की गई थी। उस समय इसमें कुल 6.40 करोड़ रुपये जमा किए गए थे। इसके बाद 2018 में 19.43 करोड़ रुपये जमा हुए। वहीं पिछले साल पुलवामा हमले में शहीद हुए 40 जवानों की मदद करने के लिए पूरे देश ने हाथ बढ़ाए और फंड में पैसे जमा किए। 18 जून 2019 तक इस फंड में 242.15 करोड़ रुपये की सहायता राशि जमा की गई थी।
जानकारी के लिए बता दें कि 14 फरवरी 2019 को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर हमला कर दिया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए। इसके बाद लोगों ने शहीदों की परिवारों की मदद के लिए डोनेशन किया। डोनेशन में लगभग 12 गुना अधिक वृद्धि दर्ज की गई थी।