जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद मारे गए कितने आतंकी? सरकार ने राज्यसभा में दी जानकारी
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद अब तक कितने आतंकी मारे गए हैं सरकार ने इसकी जानकारी दी है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में कहा कि प्रदेश में 541 आतंकी संबंधित गतिविधियां भी हुई हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) से धारा 370 हटने के बाद अब तक कुल 439 आतंकी मारे गए हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में बुधवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश में 541 आतंकी संबंधित गतिविधियां भी हुई हैं।
केंद्रीय मंत्री ने राज्यसभा सांसद नीरज डांगी को एक लिखित जवाब में कहा, 'जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद 5 अगस्त 2019 से 26 जनवरी 2022 तक 541 आतंकी घटनाएं हुई। इसके साथ ही 439 आतंकवादी मारे गए। इन घटनाओं में 98 नागरिकों की मौत भी हुई जबकि देश के 109 शहीद हो गए।'
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ
नित्यानंद राय ने आगे बताया कि इन घटनाओं के दौरान, किसी भी महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, 'हालांकि, लगभग 5.3 करोड़ रुपये की निजी संपत्ति के नुकसान का आकलन किया गया है।'
11 फरवरी तक चलेगा बजट सत्र का पहला हिस्सा
गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी से 11 फरवरी तक और दूसरा भाग 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।