डोकलाम मुद्दे पर शशि थरुर ने की सरकार की जमकर तारीफ
थरुर विदेशी मामलों में संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वो वर्ष 2007 तक संयुक्त राष्ट्र के करियर अधिकारी रहे।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेसी नेता शशि थरुर ने आज राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार रखते हुए डोकलाम मुद्दे पर पीएम मोदी और विदेश मंत्रालय की दिल खोलकर तारीफ़ की। थरुर ने डोकलाम में भारत-चीन के बीच जारी गतिरोध को दूर करने में विदेश मंत्रालय के कूटनीतिक प्रयासों की सराहना की और बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत ने चीन को अपने स्टैंड से रुबरु कराया, जिससे दोनों देशों की सेनाएं अपनी पहले की यथास्थिति में लौट सकी। उन्होंने डोकलाम में गतिरोध को दूर करने का पूरा क्रेडिट विदेश मंत्रालय कर्मचारियों और पीएम मोदी के ऑफिस को दिया।
थरुर विदेशी मामलों में संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वो वर्ष 2007 तक संयुक्त राष्ट्र के करियर अधिकारी रहे। थरुर 2001 में संयुक्त राष्ट्र में संचार और जन सूचना के उप महासचिव बने। संयुक्त राष्ट्र में 21 साल कार्यरत रहे। इस दौरान थरुर ने वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद के लिए चुनाव लड़ा। हालांकि चुनाव में बान की मून की जीत हुयी और वो दूसरे स्थान पर रहे।
बता दें कि सोमवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक ट्वीट करके डोकलाम से दोनों देशों की सेनाएं हटने की जानकारी दी। इसके बाद चीन की ओर से भी इस खबर पर मुहर लगा दी गयी, हालांकि चीनी विदेश मंत्रालय ने डोकलाम में गश्त जारी रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें : डोकलाम विवाद खत्म, ब्रिक्स सम्मेलन के लिए पीएम मोदी जाएंगे चीन