अमेरिका में बोले राहुल गांधी- 'भारत गंभीर आर्थिक संकट की कगार पर, देश में भारी बेरोजगारी'; भाजपा का तीखा पलटवार
राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल पिछले एक दशक से अपेक्षित परिणाम नहीं दे रहा है।

भारत गंभीर आर्थिक संकट की कगार पर, देश में भारी बेरोजगारी : राहुल गांधी
HighLights
अमेरिका पहुंचे कांग्रेस नेता ने सरकार की 'मेक इन इंडिया' और 'स्टार्ट-अप इंडिया' को बताया विफल
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम में राहुल ने कहा, भारत की शिक्षा प्रणाली में भी बहुत बड़ी समस्या है
भाजपा बोली- नेता प्रतिपक्ष नहीं, भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता हैं राहुल
पीटीआई, न्यूयॉर्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट की कगार पर है। उन्होंने देश में बढ़ती बेरोजगारी, कमजोर हो चुके मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की समस्याओं पर चिंता जताते हुए आगाह किया कि यदि भारत मौजूदा आर्थिक नीतियों पर आगे बढ़ता रहा तो उसे गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कहा कि हमारा गठबंधन है और हम मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन "वोट चोरी" का बड़ा सवाल अभी भी बना हुआ है।
राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कही ये बात
राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत का आर्थिक मॉडल पिछले एक दशक से अपेक्षित परिणाम नहीं दे रहा है। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की यह कहते हुए कि आलोचना कि ये योजनाएं देश की आर्थिक बुनियाद को मजबूत करने में असफल रही हैं।
राहुल ने छोटे और मझोले व्यवसायों तथा कृषि को भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और रोजगार सृजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। कहा- केवल सेवा क्षेत्र पर निर्भर रहकर देश की विशाल आबादी को रोजगार नहीं दिया जा सकता। हम मैन्यूफैक्चरिंग के बिना सफलतापूर्वक आगे नहीं बढ़ सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ बड़े उद्योगपति जैसे गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी ही लगातार विस्तार कर रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायी संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा- "भारत में निजी निवेश क्यों नहीं हो रहा है? केवल अदाणी और अंबानी जैसे कारोबारी समूह ही क्यों आगे बढ़ रहे हैं?"
राहुल ने हाल के छात्र प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि ये विरोध पिछले एक दशक से राजनीतिक और आर्थिक सत्ता के केंद्रीकरण के खिलाफ चल रहे व्यापक विरोध का हिस्सा हैं। उन्होंने आदिवासियों, दलितों और किसानों के आंदोलनों का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि धन और सत्ता के केंद्रीकरण से समाज के विभिन्न वर्ग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा- "भारत में संपत्ति तेजी से कुछ लोगों के हाथों में सिमट रही है।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली में भी बड़ी समस्या है। सवाल ये है कि ऐसी शिक्षा प्रणाली कैसे तैयार करें, जो कुशल, प्रभावी और आम लोगों की पहुंच में हो। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनावी धांधली ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को फिर से मजबूत करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाना जरूरी है। अमेरिका की सख्त इमिग्रेशन नीतियों के प्रभाव पर राहुल ने कहा कि यह भारत की व्यापक बेरोजगारी की तुलना में एक छोटा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता घरेलू आर्थिक चुनौतियों का समाधान करना होना चाहिए।
भाजपा बोली- नेता प्रतिपक्ष नहीं, भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता हैं राहुल
भाजपा ने अमेरिकी दौरे पर गए राहुल गांधी की टिप्पणियों को लेकर उन्हें घेरा। कहा- राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष नहीं बल्कि भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता बन गए हैं। विदेश की धरती पर जाकर भारत की छवि खराब करने की कोशिश करना ही उनका मकसद हो गया है।
सत्तारूढ़ दल ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था पर उनकी टिप्पणियों का मकसद वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को कमजोर करना है। इससे पहले भी राहुल विदेशी दौरों पर भारत विरोधी बयानों से अपनी किरकिरी करा चुके हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी ने देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि लोकतंत्र की अक्सर दुहाई देने वाले लोग ही उसे सबसे ज्यादा कमजोर करने के लिए जिम्मेदार रहे हैं।
वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश है
उन्होंने पत्रकारों से कहा- "विश्व बैंक समेत तमाम वैश्विक एजेंसियां भारत को सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिकी के रूप में मान्यता देती हैं और स्वीकार करती हैं कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश है। मुझे लगता है कि संकट असल में उनके (राहुल के) अपने मन में है। शायद इसलिए कि उनका परिवार, उनकी पार्टी और वे खुद आगे नहीं बढ़ पाए हैं, इसलिए वे अर्थव्यवस्था को संकट में बता रहे हैं।"
भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल ने अमेरिका में झूठे बयान दिए हैं और बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि कमजोर करने की "दुर्भावनापूर्ण मंशा" रखते हैं। वह जब भी विदेश जाते हैं तो ऐसा करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते। उन्होंने राहुल को अपरिपक्व, गैर-जिम्मेदार और भारत-विरोधी बताया।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा-" राहुल गांधी भारत-विरोधी दुष्प्रचार के नेता बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हैदराबाद में भारत सम्मेलन के दौरान भी उन्होंने विदेशियों से भारतीय लोकतंत्र की आलोचना कराई थी।"
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हर बार राहुल के विदेश जाने पर उनके पासपोर्ट पर मुहर लगती है और उनके भारत-विरोधी दुष्प्रचार को एक नया ठिकाना मिल जाता है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह सुर्खियों में बने रहने की मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं।
उन्होंने कहा- "शायद राहुल गांधी किसी भी देश के पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जो देश से बाहर जाकर अपने ही राष्ट्र को बदनाम करते हैं। सत्ता में बने रहने के लिए विदेशी मित्रों, विदेशी धन और विदेशी टूलकिटों पर निर्भर रहकर वह सत्ता परिवर्तन का सपना देखते हैं। हालांकि, यह सपना कभी सच नहीं होगा। धीरे-धीरे उनके सूत्रधार भी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को छोड़ देंगे।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।