हांगकांग के उपचुनाव में लोकतंत्र समर्थक नेताओं को झटका
चुनाव नतीजों ने जहां लोकतंत्र समर्थकों को मायूस किया, वहीं चीन समर्थक नेताओं के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।
हांगकांग, एएफपी। चीन के स्वायत्तशासी क्षेत्र हांगकांग में रविवार को हुए उपचुनाव में लोकतंत्र समर्थक नेताओं को झटका लगा है। चार सीटों पर हुए चुनाव में वे केवल दो ही सीटों पर वापसी कर पाए। सोमवार सुबह आए चुनाव नतीजों ने जहां लोकतंत्र समर्थकों को मायूस किया, वहीं चीन समर्थक नेताओं के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।
वर्ष 2016 में हुए चुनाव में हांगकांग की छह सीटों पर लोकतंत्र समर्थक नेताओं को जीत हासिल हुई थी। लेकिन चीन के दबाव में इन नेताओं को अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इन्हीं छह सीटों में से चार पर उपचुनाव कराया गया था। हांगकांग की 70 विधायी सीटों में से 26 हालांकि अब भी लोकतंत्र समर्थक नेताओं के पास हैं और यह संख्या उन्हें किसी भी बिल को बाधित करने की क्षमता देती है।
लोकतंत्र समर्थक नेताओं ने हांगकांग सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने चीन की शह पर लोकतंत्र समर्थक महिला नेता एग्नेस चाउ के चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगा दी थी। वैसे चाउ के स्थान पर हांगकांग आइसलैंड सीट पर खड़े हुए औ नोक-हिन अपनी सीट बचाने में सफल हुए। उन्होंने कहा, 'यह जीत केवल मेरी नहीं है बल्कि मेरी टीम और उन सभी की है जिन्होंने चुनाव लड़ने में हमारी मदद की है।'