जर्मनी में गठबंधन सरकार पर बनी सहमति, चुनाव में किसी दल नहीं मिला था बहुमत
24 घंटे की वार्ता के बाद छह नेता पार्टी सदस्यों के समक्ष 28 पेज की रूपरेखा पेश करने जा रहे हैं। इस आम चुनाव से पहले भी कंजरवेटिव और एसपीडी गठबंधन सरकार चला रहा था।
बर्लिन, रायटर। जर्मनी में पिछले साल सितंबर में हुए आम चुनाव के बाद आए नतीजों के चलते जारी सियासी अनिश्चितता का दौर समाप्त होता दिख रहा है। चांसलर एंजेला मर्केल के नेतृत्व वाले कंजरवेटिव ब्लॉक और सोशल डेमोक्रेट्स (एसपीडी) के बीच गठबंधन सरकार बनाने पर सहमति बन गई है। दोनों पक्षों में गुरुवार रातभर चली वार्ता के बाद गठबंधन सरकार का खाका तैयार किया जा रहा है।
जर्मनी में बीते सितंबर में हुए चुनाव में किसी दल को बहुमत नहीं मिला था। इस चुनाव में मर्केल को लगातार चौथी बार जीत मिली थी लेकिन बहुमत के अभाव में उनके लिए सरकार बनाना कठिन हो गया था। उन्हें गठबंधन सरकार बनाने के लिए फिर एसपीडी की ओर रुख करना पड़ा। दोनों पक्षों के बीच बीते नवंबर में हुई वार्ता विफल हो गई थी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि 24 घंटे की वार्ता के बाद छह नेता पार्टी सदस्यों के समक्ष 28 पेज की रूपरेखा पेश करने जा रहे हैं। इस आम चुनाव से पहले भी कंजरवेटिव और एसपीडी गठबंधन सरकार चला रहा था। जर्मनी में अब एक बार फिर गठबंधन की सरकार बनती दिख रही है।
बता दें कि यूरोप में जर्मनी ही एकमात्र ऐसा देश है, जिसकी अर्थव्यवस्था बहुत अच्छी स्थिति में है। वहां आर्थिक व्यवस्था में पहले से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। यही कारण है कि यूरोप का नेतृत्व जर्मनी को मिल सकता है। जर्मन सेंट्रल बैंक का अनुमान है कि देश वर्ष 2018 में 2.5 फीसदी की ग्रोथ हासिल कर सकता है। विश्लेषक मानते हैं कि देश को इन्फ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों पर ज्यादा पैसे खर्च करने चाहिए।
यह भी पढ़ें: जर्मनी ट्रेड फेयर में भाग लेने के लिए 70 निर्यातक रवाना