चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने गुरुवार के मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के प्लेऑफ के सफर में अड़ंगा डाला था और अब एक दिन बाद अबूधाबी में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से हराकर उनके आगे का सफर मुश्किल कर दिया और साथ ही खुद को भी प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा। अब राजस्थान, केकेआर, पंजाब और हैदराबाद को बाकी बचे अपने सभी मैच जीतने होंगे, जबकि आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स को दो में से कोई एक मैच जीतना होगा।
IPL 2020: रॉयल्स ने मुश्किल की किंग्स की डगर, सात विकेट से दी शिकस्त, देखें Photos


पंजाब ने यूनिवर्सल बॉस यानी क्रिस गेल (99) की शानदार पारी के दम पर चार विकेट पर 185 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। गेल ने इस मैच में आठ छक्के मारे और साथ ही वह टी-20 क्रिकेट में 1000 से ज्यादा छक्के मारने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। जवाब में बेन स्टोक्स (50) के ताबड़तोड़ अर्धशतक की बदौलत रॉयल्स ने 17.3 ओवर में ही यह मुकाबला जीत लिया। इसी के साथ पंजाब की चली आ रही लगातार पांच जीत का सिलसिला भी टूट गया।

मुंबई के खिलाफ स्टोक्स ने जहां अपनी पारी रोकी थी, वहीं से उन्होंने इस पारी की शुरुआत की। उनकी ताबड़तोड़ पारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पावरप्ले में भी अपना अर्धशतक जड़ दिया था। हालांकि, 50 रन बनाते ही उन्हें क्रिस जॉर्डन ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 26 गेंद में छह चौके और तीन छक्के लगाए। इसके बाद संजू सैमसन (48), स्टीव स्मिथ (नाबाद 31) और रॉबिन उथप्पा (30) की पारियों की बदौलत रॉयल्स ने आसानी से 17.3 ओवर में यह मुकाबला जीत लिया।

रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। केएल राहुल (46) और मनदीप सिंह (00) इस बार टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला सके। जोफ्रा आर्चर ने अपने पहले ही ओवर में मनदीप को एक शानदार बाउंसर पर पवेलियन भेज दिया।

गेल और राहुल ने पारी को आगे बढ़ाया। गेल के ताबड़तोड़ खेल के कारण राहुल सहयोगी के तौर पर दिखे। उन्होंने लगातार गेल को स्ट्राइक दी। बाद में राहुल ने हाथ खोलने की कोशिश की वह बदकिस्मत रहे और आउट हो गए। उन्हें बेन स्टोक्स ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद स्टोक्स ने निकोलस पूरन (22) को भी ज्यादा हाथ खोलने का मौका नहीं दिया और राहुल तेवतिया के ही हाथों कैच कराकर वापस भेज दिया।

दूसरी ओर, गेल की बेहतरीन फॉर्म इस मैच में भी जारी थी। वह जिस भी गेंद को मार रहे थे वह सीमा रेखा के पार ही जा रही थी। हालांकि शुरुआती समय में गेल का एक कैच रियान पराग ने छोड़ दिया था। अगर गेल उस वक्त आउट हो गए होते तो पंजाब मुश्किलों में फंस सकती थी। गेल ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया। आखिरी ओवर में गेल को शतक बनाने के लिए मात्र एक रन की जरूरत थी, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने उन्हें बोल्ड कर दिया। वह मात्र एक रन से शतक से चूक गए। गेल इससे बेहद निराश दिखे और पिच पर ही उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला झटक दिया। गेल ने 63 गेंद की पारी में छह चौके भी लगाए।