देश को पैरा एथलीटों के लिए और ज्यादा करने की जरूरत: देवेंद्र झाझरिया
राजीव गांधी खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा एथलीट बने देवेंद्र झाझरिया।
नई दिल्ली, पीटीआइ। देवेंद्र झाझरिया मंगलवार को देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान 'राजीव गांधी खेल रत्न' पाने वाले पहले पैरा एथलीट बन गए। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर झाझरिया ने सरदार सिंह के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से यह पुरस्कार हासिल किया। सरदार खेल रत्न पाने वाले दूसरे हॉकी खिलाड़ी बने। झाझरिया ने कहा, 'भारतीय पैरा एथलीटों के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। देश में करीब पांच करोड़ पैरा एथलीट हैं और उन्हें ज्यादा मदद की जरूरत है। उनके लिए राज्य सरकारों को और ज्यादा करने की जरूरत है। उनके लिए अलग से मैदान होने चाहिए।'
भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा काउंटी में व्यस्त होने के चलते अर्जुन पुरस्कार लेने नहीं आए। 17 को अर्जुन पुरस्कार मिला। सभी खिलाड़ियों ने राष्ट्रपति कोविंद से अपना पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। ध्यानचंद पुरस्कार तीन को जबकि तेनजिंग नोर्गे पुरस्कार चार को दिया गया।
इन्हें मिला अर्जुन पुरस्कार
वीजे सुरेखा (तीरंदाजी), खुशबीर कौर (एथलेटिक्स, राजीव आरोकिया (एथलेटिक्स), प्रशांति सिंह (बॉस्केटबॉल), एल देवेंद्रो सिंह (मुक्केबाजी), चेतेश्वर पुजारा (क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट), ओइनाम बेमबेम (फुटबॉल), एसएसपी चौरसिया (गोल्फ), एसवी सुनील (हॉकी), जसवीर सिंह (कबड्डी), पीएन प्रकाश (निशानेबाजी), एंथनी अमलराज (टेबल टेनिस), साकेत माइनेनी (टेनिस), सत्यव्रत कादियान (कुश्ती), मरियप्पन थंगावेलू (पैरा एथलीट) और वरुण भाटी (पैरा एथलीट)।
इन्हें मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार
रामकृष्णन गांधी (एथलेटिक्स, मरणोपरांत), जीएसएसवी प्रसाद (बैडमिंटन, लाइफटाइम), बृज भूषण मोहंती (मुक्केबाजी, लाइफटाइम), पीए राफेल (हॉकी, लाइफटाइम), संजय चक्रवर्ती (निशानेबाजी, लाइफटाइम) और रोशन लाल (कुश्ती, लाइफटाइम)।
तेंदुलकर ने महिला खिलाड़ियों को समर्पित किया खेल दिवस
भारत रत्न क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने राष्ट्रीय खेल दिवस को महिला खिलाड़ियों को समर्पित किया है। सचिन ने कहा कि हमें खेल दिवस को उन सभी महिला खिलाड़ियों के नाम समर्पित करना चाहिए, जिन्होंने विभिन्न खेलों में देश के लिए पदक जीते हैं और देशवासियों को गर्व करने का अवसर दिया है।