Move to Jagran APP

Tokyo Olympics: जन्म चीन में, परवरिश लंदन में लेकिन गोल्ड मेडल कनाडा के लिए जीता मैगी मैकनिल ने

चीन में मैगी के जन्म के बाद उनके माता-पिता ने उन्हें अनाथालय में छोड़ दिया था। यहीं से मैगी की किस्मत ने मोड़ लिया और उन्हें कनाडाई दंपती एडवर्ड मैकनील और सुसान मैकनेयर ने गोद ले लिया। यह कनाडाई दंपती मूल रूप से लंदन के निवासी थे।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Tue, 27 Jul 2021 09:02 PM (IST)Updated: Tue, 27 Jul 2021 09:02 PM (IST)
कनाडा की महिला तैराक मैगी मैकनिल (एपी फोटो)

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। टोक्यो ओलिंपिक में इन दिनों महिला एथलीट हर दिन कोई ना कोई किर्तिमान रच रही हैं। ऐसी ही एक एथलीट हैं कनाडा की तैराक मैगी मैकनिल। उन्होंने जैसे ही स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, वैसे ही वह इंटरनेट मीडिया पर छा गई। खास बात यह है कि उनका जन्म चीन में हुआ, परवरिश लंदन में, लेकिन पदक उन्होंने कनाडा के लिए जीता।

loksabha election banner

चीन में मैगी के जन्म के बाद उनके माता-पिता ने उन्हें अनाथालय में छोड़ दिया था। यहीं से मैगी की किस्मत ने मोड़ लिया और उन्हें कनाडाई दंपती एडवर्ड मैकनील और सुसान मैकनेयर ने गोद ले लिया। यह कनाडाई दंपती मूल रूप से लंदन के निवासी थे और कुछ समय बाद ही वे मैगी को लेकर लंदन चले गए। लंदन में ही मैगी की परवरिश हुई और वहीं उन्होंने तैराकी सीखी। ओलिंपिक की 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 21 वर्षीय मैगी ने 55.59 सेकेंड के साथ कनाडा को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। संयोग से स्वर्ण पदक के मुकाबले में उन्होंने अपने जन्म देश चीन की झांग युफेई (55.64 सेकेंड) को हराया।

चीन की योजना का शिकार बनी थीं मैगी : दरअसल पिछली सदी के नौवें दशक में चीन ने देश की बढ़ती आबादी पर लगाम लगाने के लिए एक संतान योजना लागू कर दी थी। इसका शिकार बेटियां हुईं, क्योंकि लड़के की चाहत में चीनी दंपती पहली संतान के रूप में होने वाली लड़की की भ्रूण हत्या करवा देते थे या फिर जन्म के बाद ही उन्हें अनाथालय में छोड़ आते थे। मैगी भी इसी योजना का शिकार बनी थीं। 

आस्ट्रेलिया की मैककेन ने जीता स्वर्ण

टोक्यो, एपी। आस्ट्रेलियाई तैराक कायली मैककेन ने मंगलवार को ओलिंपिक खेलों में 57.47 सेकेंड के नए ओलिंपिक रिकार्ड समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। उनका नया समय उसके अपने विश्व रिकार्ड से 0.02 सेकेंड पीछे था, लेकिन उसके लिए कनाडा की दिग्गज काइली मैसे को हराने के लिए पर्याप्त था, जो 57.72 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। कांस्य संयुक्त राज्य अमेरिका की 19 वर्षीय रेगन स्मिथ के पास गया।

पुरुषों में ब्रिटेन का रहा दबदबा : टाम डीन और डंकन स्काट ने पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ब्रिटेन के लिए स्वर्ण और रजत जीता। 21 वर्षीय डीन ने एक मिनट और 44.22 सेकेंड में स्वर्ण पदक जीता, जबकि स्काट ने उनसे 0.04 सेकेंड पीछे रहते हुए रजत जीता। ब्राजील के फर्नांडो शेफर ने 1:44:66 मिनट समय के साथ कांस्य पदक जीता।

ओलिंपिक रिकार्ड बनाकर हिडिलिन ने जीता स्वर्ण

टोक्यो, एपी। फिलीपींस की भारोत्तोलक हिडिलिन डियाज ने 55 किग्रा वर्ग में खेलों का रिकार्ड बनाते हुए अपने देश का पहला ओलिंपिक स्वर्ण पदक जीता। हिडिलिन ने क्लीन एंड जर्क में 127 किलोग्राम भार उठाकर और 224 किलोग्राम के साथ कुल वजन में ओलिंपिक रिकार्ड बनाया। 30 वर्षीय हिडिलिन ने चीन की कियुयुन लियाओ को क्लीन एंड जर्क में अपनी आखिरी लिफ्ट में कुल 224 किलोग्राम के साथ पीछे छोड़ दिया, जो किउयुन से एक किग्रा अधिक था। हिडिलिन ने 2016 के रियो ओलिंपिक खेलों में रजत पदक जीता था। उन्होंने टोक्यो खेलों के लिए मलेशिया में प्रशिक्षण लिया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.