Move to Jagran APP

टोक्यो ओलिंपिक: सचिन तेंदुलकर ने एथलीटों को दिया सफलता का मंत्र

तेंदुलकर ने कहा काफी लोग कहते हैं कि खेल में हार और जीत होती है लेकिन मेरा संदेश है कि हार विरोधी की हो और आप जीत दर्ज करें। आपको पदक जीतने की कोशिश करनी चाहिए। अपने सपनों का पीछा करना मत छोड़िए।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Tue, 20 Jul 2021 07:47 PM (IST)Updated: Tue, 20 Jul 2021 07:47 PM (IST)
टोक्यो ओलिंपिक: सचिन तेंदुलकर ने एथलीटों को दिया सफलता का मंत्र
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज तेंदुलकर (एपी फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने टोक्यो ओलिंपिक जाने वाली भारत की 26 सदस्यीय एथलेटिक्स (ट्रैक एवं फील्ड) टीम को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि दबाव का लुत्फ उठाएं और इसे अपने ऊपर हावी ना होने दें। तेंदुलकर ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआइ) के साथ आयोजित आनलाइन कार्यक्रम में खिलाड़ियों को विदाई दी।

loksabha election banner

तेंदुलकर ने कहा, 'काफी लोग कहते हैं कि खेल में हार और जीत होती है, लेकिन मेरा संदेश है कि हार विरोधी की हो और आप जीत दर्ज करें। आपको पदक जीतने की कोशिश करनी चाहिए। अपने सपनों का पीछा करना मत छोड़िए और आपका सपना गले में पदक पहनना, राष्ट्रगान का बजना और तिरंगे का लहराना होना चाहिए।' ट्रैक एवं फील्ड यानी एथलेटिक्स स्पर्धा में कुल 47 सदस्य शामिल हैं जिसमें 26 खिलाडि़यों के अलावा 11 कोच, आठ सहयोगी स्टाफ, एक टीम डाक्टर और एक टीम नेतृत्वकर्ता है। यह दल 23 जुलाई को टोक्यो के लिए रवाना होगा।

ओलिंपिक के आदर्श वाक्य में जुड़ा नया शब्द

टोक्यो, प्रेट्र। ओलिंपिक खेलों के आदर्श वाक्य में अब अधिक तेज (सिटिअस), उच्चतर (अल्टिअस) और अधिक मजबूत (फोर्टिअस) के साथ एकजुट (कोम्युनिस) भी जोड़ दिया गया है। कोरोना महामारी के बीच 23 जुलाई से शुरू हो रहे खेलों से पहले अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति के सत्र में यह फैसला लिया गया।

पहले ओलिंपिक का आदर्श वाक्य तीन लेटिन शब्दों सिटिअस, अल्टिअस और फोíटअस से बना था जिसके हिन्दी में मायने हैं अधिक तेज, उच्चतर और अधिक मजबूत। अब इसमें कोम्युनिस (एकजुट) भी जोड़ दिया गया है। इस बदलाव का प्रस्ताव आइओसी अध्यक्ष थामस बाक ने रखा था जिसे अप्रैल में कार्यकारी बोर्ड ने मंजूरी दी थी। अब नया आदर्श वाक्य है, सिटिअस, अल्टिअस, फोर्टिअस, कोम्युनिस।

सुरक्षित मेजबानी कर दुनिया को दिखाएंगे : सुगा

टोक्यो, एपी। जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने टोक्यो ओलिंपिक से पहले खेल अधिकारियों से कहा कि दुनिया को दिखाना है कि जापान ओलिंपिक खेलों की सुरक्षित मेजबानी कर सकता है।

सुगा ने अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आइओसी) के सदस्यों की बैठक में कहा, 'दुनिया बड़ी समस्याओं से घिरी है। ऐसे में हमें ओलिंपिक की सफल मेजबानी करनी है। जापान को यह दुनिया को दिखाना है कि हम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रख सकते हैं।'

वहीं आइओसी अध्यक्ष बाक ने कहा कि ओलिंपिक का मंच सज चुका है और खिलाड़ी अपनी रौनक बिखेरकर दुनिया को प्रेरित करेंगे। कोरोना महामारी के बीच टोक्यो ओलिंपिक मानवता का भविष्य में विश्वास पैदा करेंगे।

चेक गणराज्य की बीच वालीबाल टीम के कोच खेल गांव में कोविड पाजिटिव

टोक्यो, प्रेट्र। चेक गणराज्य के बीच वालीबाल कोच साइमन नाश मंगलवार को कोविड-19 पाजिटिव पाए गए। वह ओलिंपिक खेल गांव में वायरस से संक्रमित होने वाले पांचवें व्यक्ति हैं। सोमवार को खेल गांव में चेक गणराज्य के ही पुरुष बीच वालीबाल टीम के खिलाड़ी ओंद्गेज पेरुसिच भी कोविड-19 पाजिटिव पाए गए थे। रोजाना अपडेट सूची के अनुसार खेलों से जुड़े कोविड मामलों की कुल संख्या अब 67 तक पहुंच गई है।

चेक ओलिंपिक समिति ने कहा, 'टोक्यो ओलिंपिक के नियमित एंटीजेन परीक्षण में बीच वालीबाल टीम के कोच साइमन नाश में वायरस की मौजूदगी का पता चला है।' अमेरिका की महिला जिम्नास्ट भी चीबा प्रांत में ट्रेनिंग के दौरान सोमवार को संक्रमित पाई गईं। टोक्यो खेलों की आयोजन समिति ने मंगलवार को रोजाना अपडेट में नौ नए मामलों की घोषणा की जिसमें वालंटियर के संक्रमित होने का पहला मामला भी शामिल है।

खेल गांव में नहीं रहेंगी एश्ले बार्टी

टोक्यो, एपी। एश्ले बार्टी के जापान आने के बाद आस्ट्रेलियाई दल के प्रमुख इयान चेस्टरमैन ने अधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि दुनिया की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी ओलिंपिक खेल गांव में नहीं रहेगी। पिछले सप्ताह विंबलडन जीतने वाली बार्टी को ओलिंपिक में लय कायम रखने की उम्मीद है।

मिकी नाम के घोड़े के साथ ओलिंपिक में उतरेंगे फवाद

बेंगलुरु प्रेट्र। टोक्यो ओलिंपिक की शुरुआत के चंद दिन पहले भारतीय धुड़सवार फवाद मिर्जा ने अपना घोड़ा बदलते हुए सेगनुएर मेडिकोट को प्राथमिकता दी है, जिसके साथ उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीते थे। इससे पहले मिर्जा ने घोषणा की थी कि वह टोक्यो खेलों में दजारा-चार के साथ उतरेंगे।

मिर्जा का प्रायोजन करने वाले समूह ने कहा, 'मिकी के नाम से मशहूर सेगनुएर मेडिकोट ने एशियाई खेलों में मिर्जा को दो रजत पदक दिलाने में मदद की थी और इन दोनों का एक-दूसरे के साथ अच्छा भावनात्मक रिश्ता है।' मिर्जा टोक्यो ओलिंपिक में अपने अभियान की शुरुआत 29 जुलाई से करेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.