नेशनल रिकॉर्ड बनाने के बावजूद टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने से चूके तेजिंदर
तेजिंदर पाल सिंह तूर ने शनिवार को यहां 59वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन को सुधारते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
रांची, जागरण संवाददाता। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता 24 वर्षीय गोला फेंक एथलीट तेजिंदर पाल सिंह तूर ने शनिवार को यहां 59वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन को सुधारते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। पुरुषों के गोला फेंक में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तूर ने मुश्किल परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 20.92 मीटर की दूरी के साथ अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन में सुधार किया।
0.18 मीटर दूरी तय करने में हुई देरी
हालांकि वह टोक्यो ओलंपिक में क्वालीफाई करने के लिए निर्धारित 21.10 मीटर के लक्ष्य से 0.18 मीटर की दूरी से चूक गए। अगर तूर निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर लेते तो वे सीधे तौर पर 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर जाते। इससे पहले तूर ने 20.75 मीटर के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। वहीं, शनिवार को हुए सात फाइनल में रेलवे के खिलाडि़यों ने तीन में व सर्विसेज ने दो में स्वर्ण पदक जीते, जबकि एक स्वर्ण मेजबान झारखंड के खाते में गया।
भावना जाट ने जीता गोल्ड मेडल
रेलवे की भावना जाट ने 20 किलोमीटर महिला पैदल चाल में 01 घंटा 38 मिनट 30 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। महिला पोल वॉल्ट में कृष्णा राचन ने 3.80 मीटर के साथ सोना अपने नाम किया। महिला डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर ने 54.94 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता। जबकि सर्विसेज के लिए 5,000 मीटर (पुरुष) दौड़ में लक्ष्मण गोविंदन ने 14 मिनट 24.85 सेकेंड में पूरी कर स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
इन्होंने जीते स्वर्ण पदक
वहीं, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले खेल रहे नोहा निर्मल टॉम ने पुरुषों के चार सौ मीटर दौड़ 45.88 सेकेंड में पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वीके विस्मया ने महिला चार सौ मीटर दौड़ 52.71 सेकेंड में पूरी कर स्वर्ण जीता। झारखंड की प्रियंका केरकेट्टा ने लंबी कूद में 6.16 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण जीता।