हॉलीवुड एक्ट्रेस सिडनी स्वेनी के विज्ञापन पर बवाल, महिला खिलाड़ियों ने जताई आपत्ति; मेहनत और संघर्ष के अपमान का दावा
हॉलीवुड अभिनेत्री सिडनी स्वेनी के एक विज्ञापन ने महिला खिलाड़ियों को नाराज कर दिया है, जिसमें उन्हें कम कपड़ों में खेल खेलते दिखाया गया है।

सिडनी स्वेनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हॉलीवुड अभिनेत्री सिडनी स्वेनी एक नए विज्ञापन में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यह विज्ञापन अमेरिकी खेल पूर्वानुमान कंपनी नोविग का है। इसमें स्वेनी को कम कपड़ों में या लगभग बिना कपड़ों के दिखाया गया है। वे अलग-अलग खेल खेलने का नाटक कर रही हैं। इस विज्ञापन ने महिलाओं के खेल से जुड़े कई ओलंपिक खिलाड़ियों को नाराज कर दिया है। भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के एथलीट्स इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
विज्ञापन को लेकर क्यों मच रहा बवाल?
खिलाड़ियों का कहना है कि यह विज्ञापन महिलाओं के खेल को यौन रूप से पेश करता है। असली खेल की मेहनत, ताकत और कौशल को नजरअंदाज कर सिर्फ शरीर को बेचने की कोशिश की जा रही है। कई लोग इसे महिलाओं के खेल का अपमान मान रहे हैं। इसी वजह से अभिनेत्री को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
जुबेरिया इकबाल ने दी प्रतिक्रिया
स्पोर्ट्स और फिटनेस में महिलाओं की समर्थक जुबेरिया इकबाल ने इसको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "स्कूल के दिनों में जब हम खेल रहे थे, तो हमारे टीचर आकर कहते थे कि कूदना बंद करो, तुम्हारे ब्रेस्ट उछल रहे हैं। ये बहुत बुरा लग रहा है। बॉक्सिंग के रिंग तक पहुंचने के लिए मैंने आज एक पुरुष खिलाड़ी ने दोगुनी मेहनत की है। इस तरह के जो विज्ञापन होते हैं, वो हमारे वहां तक पहुंचने के लिए हमारी कड़ी मेहनत और संघर्ष को पूरी तरह से नकार देते हैं।"
अशिता रंका ने भी दिया जवाब
अशिता रंका जो कि एक पब्लिसिस्ट हैं, उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एक देश के तौर पर हमें इस सोच से आगे बढ़ने की जरूरत है। कोर्ट, पूल किसी भी खेल या फिर फिटनेस में किसी को किस तरह के कपड़े पहनना चाहिए। कपड़े आराम देने वाले और हवादार होना चाहिए, जिससे महिला खिलाड़ी आसानी से हिल-डुल सकें। इस तरह के विज्ञापन सालों की मेहनत और तरक्की को कमजोर करते हैं।"
नयनिका चटर्जी ने भी साधा निशाना
हायरोक्स एथलीट नयनिका चटर्जी ने भी स्वेनी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "शायद इस महिला को इन खेलों के बारे में कुछ भी पता नहीं है। वो लगभग नग्न क्यों खड़ी है? ये इसलिए है क्योंकि उसके लिए सिर्फ यही काम करेगा। वो कोई खिलाड़ी नहीं है और खेलों को सेक्सुअलाइज करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। ब्रांड ने इस विज्ञापन के लिए किसी और एथलीट को क्यों नहीं लिया?"
यह भी पढ़ें- जापान पैरा बैडमिंटन में प्रमोद ने स्वर्ण और रजत जीता
