बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग: साइना और श्रीकांत ने लगाई छलांग
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली साइना नेहवाल बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाकर 12वें स्थान पर आ गई हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। ग्लास्गो में हाल ही में हुई विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली साइना नेहवाल बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाकर 12वें स्थान पर आ गई हैं। वहीं, किदांबी श्रीकांत को भी दो स्थान का फायदा हुआ है। दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी साइना 16वें स्थान पर खिसक गई थीं, लेकिन ग्लास्गो में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें फिर से शीर्ष दस के करीब पहुंचा दिया है। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय शटलर बनीं पीवी सिंधू अपने चौथे स्थान पर कायम हैं।
पुरुष वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले श्रीकांत दसवें से आठवें स्थान पर आ गए हैं। अजय जयराम और बी साई प्रणीत भी एक और दो स्थान के फायदे से क्रमश: 16वें और 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यूएस ओपन ग्रां प्रि का खिताब जीतने वाले एचएस प्रणय तीन स्थान नीचे 18वें स्थान पर खिसक गए हैं। मिक्स्ड डबल्स में प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी भी एक स्थान ऊपर 19वें, जबकि अश्विनी पोनप्पा और सिक्की 24वें स्थान पर हैं। पुरुष डबल्स में कोई भी भारतीय जोड़ी शीर्ष 25 में शुमार नहीं है।