साई ने टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों को देखते हुए 32 विदेशी कोचों का अनुबंध बढ़ाया
इस महीने के शुरू में खेल मंत्रालय ने कहा था कि सभी विदेशी कोचों के अनुबंध अगले साल सितंबर के अंत तक बढ़ा दिए जाएंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने बुधवार को 11 खेलों के 32 विदेशी कोचों का अनुबंध अगले साल सितंबर के आखिर तक बढ़ा दिया है ताकि टोक्यो ओलंपिक तक खिलाड़ियों की अभ्यास में निरतंरता बनी रहे। इन 32 में से शीर्ष कोच जैसे मुक्केबाजी में सैंटियागो निएवा और रफाएल बर्गामास्को, पुरुष हॉकी में ग्राहम रीड और निशानेबाजी में पावेल स्मिरनोव शामिल हैं। इनमें से कई कोचों का अनुबंध इस साल सितंबर में समाप्त होना था।
राष्ट्रीय फुटबॉल कोच इगोर स्टिमक का अनुबंध भी बढ़ा दिया गया, हालांकि इसका ओलंपिक से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें पिछले साल मई में दो साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया था। इस महीने के शुरू में खेल मंत्रालय ने कहा था कि सभी विदेशी कोचों के अनुबंध अगले साल सितंबर के अंत तक बढ़ा दिए जाएंगे। साई ने कहा कि यह फैसला टोक्यो ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले खिलाडि़यों के लिए लिया गया कि वे अपनी ट्रेनिंग जारी रख सकें क्योंकि कोविड-19 महामारी के चलते इन खेलों को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से मार्च के आखिरी हफ्ते से पूरी दुनिया की खेल गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। कोरोना महामारी की वजह से हर खेल के बड़े से बड़े आयोजन का या दो रद कर दिया गया था या फिर उसे स्थगित कर दिया गया था। टोक्यो ओलंपिक के साथ भी वहीं हुआ। इस महामारी की वजह से टोक्यो ओलंपिक जो इस साल होने वाला था उसे स्थगित करके उसका आयोजन अगले साल कहने की बात कही गई।
हालांकि अब धीरे-धीरे खेल गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं और क्रिकेट, फुटबॉल जैसे खेल बिना स्टेडियम के आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं टोक्यो ओलंपिक को लेकर भी खिलाड़ियों की तैयारी जो रूकी हुई थी उसमें रफ्तार आने की संभावना है।