एशियन गेम्स में सुनहरा शुक्रवार, रोइंग के बाद टेनिस टीम ने किया गोल्डन धमाल
रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में कजाखस्तान की जोड़ी को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। छठे दिन भारत के खाते में एक और गोल्ड आया है। टेनिस के डबल्स मुकाबले में भारत को यह पदक मिला है। रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए कजाखस्तान की जोड़ी को 6-3, 6-4 से शिकस्त दी है।
रोइंग टीम ने भारत को दिलाया पांचवां गोल्ड मेडल
इससे पहले आज (शुक्रवार) सुबह भारतीय खिलाड़ियों ने रोइंग मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन कर गोल्ड और दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। भारतीय रोइंग टीम ने (नौकायन) पुरुषों की 'क्वाडरपल स्कल्स स्पर्धा' में गोल्ड मेडल जीता। स्वर्ण सिंह, दत्तु भोकनल, ओम प्रकाश और सुखमीत की टीम ने भारत को रोइंग में गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं भगवान सिंह और रोहित ने लाइटवेट डबल स्कल्स में यह ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।
गुरुवार को रोइंग में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, लेकिन शुक्रवार को भारतीय रोअर्स ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। पुरुष क्वाडरपल स्कल्स स्पर्धा में दत्तू भोकनाल, ओमप्रकाश, स्वर्ण सिंह और सुखमीत सिंह की भारतीय चौकड़ी ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। भारतीय चौकड़ी ने 6:17.13 का समय निकालकर सोना जीता। इस स्पर्धा में मेजबान इंडोनेशिया (6:20.58) और थाइलैंड (6:22.41) को पछाड़ा, जिन्हें क्रमश: रजत और कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।