एशियाई खेलों का रंगारंग समापन, भारत ने 21 स्वर्ण समेत 85 पदकों के साथ खत्म किया सफर; पीएम नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को दी बधाई
20वें एशियाई खेलों का आइची-नागोया में समापन हो गया, जिसमें भारत ने 21 स्वर्ण सहित कुल 85 पदक जीतकर चौथा ...और पढ़ें

पीएम नरेंद्र मोदी-एशियन गेम्स 2026

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में दो सप्ताह से ज्यादा समय तक चले खेलों के रोमांच, रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन और कई ऐतिहासिक उपलब्धियों के बाद 20वें एशियाई खेलों का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। जापान की संस्कृति, संगीत और रोशनी से सजे भव्य समारोह के बीच भारत ने भी अपने अभियान को शानदार अंदाज में समाप्त किया।
हालांकि भारत पिछली बार हांगझू में 106 पदकों के आंकड़े को पार नहीं कर सका, लेकिन 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य समेत कुल 85 पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। अब एशियाई खेल 2030 में कतर की राजधानी दोहा में आयोजित किए जाएंगे। भारत का प्रदर्शन खास तौर पर स्वर्ण पदकों के लिहाज से उल्लेखनीय रहा।
भारत ने जीते स्वर्ण पदक
21 स्वर्ण के साथ भारतीय दल ने अपनी पदक क्षमता और खेलों में बढ़ती विविधता का मजबूत संकेत दिया। निशानेबाजी, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और गोल्फ जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने यादगार प्रदर्शन किया। कई खिलाड़ियों ने पहली बार एशियाई खेलों में इतिहास रचा और कुछ युवा चेहरों ने भविष्य के लिए उम्मीदें जगाईं।
नीरू रहीं ध्वजवाहक
निशानेबाजी में नीरू ढांडा भारत की सबसे सफल खिलाड़ियों में रहीं। उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। वह समापन समारोह में भारतीय दल की ध्वजवाहक भी रहीं। करीब 30 भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी सफेद-नीले परिधान में तिरंगा थामे एथलीट परेड में शामिल हुए। समापन समारोह करीब 90 मिनट चला।
जापानी संस्कृति और आतिथ्य की झलक पेश करने वाले कार्यक्रम में रोशनी, संगीत, लेजर शो और पारंपरिक ‘बोन-ओडोरी’ नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। ‘वन एशिया’ की थीम के तहत खिलाड़ियों को एकजुटता और शांति का संदेश दिया गया।
दोहा को सौंपी गई मेजबानी
समारोह के अंत में ओसीए का झंडा 2030 के मेजबान दोहा को सौंप दिया गया। इस तरह जापान में खेलों का अध्याय खत्म हुआ और अब एशिया की नजरें चार साल बाद कतर में होने वाले अगले एशियाई खेलों पर टिक गई हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
एशियन गेम्स के समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल को बधाई दी। उन्होंने कहा, "एशियाई खेल 2026 के समापन के साथ ही मैं भारतीय दल के हर सदस्य को बधाई देता हूं जिन्होंने दृढ़ संकल्प, जुनून और शानदार खेल भावना के साथ हमारे देश का प्रतिनिधित्व किया। उम्मीद है कि ये खेल आने वाले वर्षों में और बड़ी उपलब्धियों के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, ये जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में भी योगदान देंगे।"
