Para Asian Games 2026: आइची-नागोया में पैरा एथलीटों का गदर, भारत ने पार किया 50 पदकों का आंकड़ा
जापान के आइची नागोया में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 62 पदक हासिल किए हैं, ...और पढ़ें

सिमरन-प्रवीण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। जापान के आइची नागोया में चल रहे पैरा एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार तीसरे दिन बुधवार को पदकों की झड़ी लगाते हुए पांच स्वर्ण सहित 27 पदक जीते और इसके साथ ही भारत ने 50 पदकों का आंकड़ा भी पार कर लिया।
भारतीय पैरा एथलीटों ने अब तक 14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य सहित कुल 62 पदक अपने नाम कर लिए हैं और पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
एथलेटिक्स में फिर बरसा सोना
ट्रैक एंड फील्ड में भारतीय एथलीटों ने लगातार दूसरे दिन पांच स्वर्ण पदक जीते। धाविका सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी12 स्पर्धा, प्रवीण कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद टी44/64 और सचिन खिलाड़ी ने पुरुषों की गोला फेंक एफ46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। इनके अलावा दिलीप गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 और आयुष वर्मा ने पुरुषों की गोला फेंक एफ53 स्पर्धा में स्वर्ण अपने नाम किया।
तीरंदाजी, तैराकी और पावरलिफ्टिंग में भी पदक
बिना हाथों वाली कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी ने पायल नाग के साथ महिलाओं की डबल्स स्पर्धा में रजत पदक जीता। तैराकी में दृष्टिबाधित रवि कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस13 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर खेलों का दूसरा पदक हासिल किया। हिमांशु नंदल ने पुरुषों की ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी13 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। यह भी इन खेलों में उनका दूसरा पदक है। पोलियो से प्रभावित पावरलिफ्टर कस्तूरी राजमणि ने महिलाओं के 67 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। यह उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
बुधवार के पदक विजेता
स्वर्ण: आयुष वर्मा, प्रवीण कुमार, सचिन सरजेराव खिलाड़ी, सिमरन शर्मा और दिलीप गावित (एथलेटिक्स)।
रजत: शीतल देवी व पायल नाग (तीरंदाजी), बंटी, भाग्यश्री जाधव, मोहम्मद यासर, मंजीत व्यास, प्रीति पाल, अकीरा बानोथू, मोहम्मद बासिल, शरथ शंकरप्पा (एथलेटिक्स), कस्तूरी राजामणि (पावरलिफ्टिंग), कृष्णा नागर व सिवराजन सोलाइमाली (बैडमिंटन), रवि बुडिगिना (तैराकी)।
कांस्य: अनुभव चौधरी, प्रवीण, राकेशभाई भट्ट, सुखचैन, रवि रोंगाली, करमज्योति, हनी, शैलेश कुमार(एथलेटिक्स), आल्फिया जेम्स व पल्लवी कालूवेहाली (बैडमिंटन), हिमांशु नांदल (तैराकी)।
यह भी पढ़ें- Asian Para Games 2026 Live: भारतीय पैरा एथलीटों का दमदार प्रदर्शन, अब तक जीते 14 गोल्ड मेडल
यह भी पढ़ें- Asian Para Games: नागोया में प्रवीण कुमार की स्वर्णिम छलांग, हाई जंप में गोल्ड मेडल जीत बढ़ाया देश का मान
