बैडमिंटन खिलाड़ियों ने पैरा एशियन गेम्स में 16 मेडल जीतकर बढ़ाया देश का मान, खाते में आए 3 गोल्ड
भारत का पैरा एशियाई खेलों में बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन रहा। भारत ने इस बार बैडमिंटन में तीन गोल्ड, पांच सिल्वर और आठ ब्रॉन्ज सहित कुल 16 मेडल जीते।
-1792767246583_m.webp)
तुलसीमति मुरूगेसन और मानसी जोशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, नागोया। भारत के लिए पैरा एशियाई खेलों की बैडमिंटन स्पर्धा में शुक्रवार का दिन बेहतरीन रहा, जब पेरिस पैरालिंपिक चैंपियन नितेश कुमार, नवीन शिवकुमार ने बैडमिंटन पुरुष सिंगल्स एसएल3 और एसएल4 में स्वर्ण पदक जीते।
तुलसीमति मुरूगेसन और मानसी जोशी ने महिला डबल्स एसएल3-एसयू5 में भारत की झोली में पीला तमगा डाला। इस तरह से भारत ने बैडमिंटन में तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य सहित कुल 16 पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया।
मुरूगेसन और मानसी की एकतरफा जीत
मुरूगेसन और मानसी ने चीन की यांग कियूशिया और शियाओ जूशियान को 30 मिनट तक चले मुकाबले में 21-16, 21-13 से हराया। वहीं पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं के बीच हुए मुकाबले में 31 वर्ष के नितेश ने 38 वर्ष के प्रमोद भगत को 21-18, 21-16 से हराया।
वहीं 2018 और 2022 में स्वर्ण जीतने वाले प्रमोद को रजत पदक मिला। नितेश और पेरिस पैरालिंपिक रजत पदक विजेता तुलसीमति को मिक्स्ड डबल्स एसएल3-एसयू5 में रजत पदक भी मिला।
उन्हें फाइनल में इंडोनेशिया के लीनी रात्रि ओकतिला और हिकमत रामदानी ने 11-21, 21-19, 21-14 से हराया। मुरूगेसन को महिला सिंगल्स एसयू5 वर्ग में रजत से संतोष करना पड़ा जो फाइनल में चीन की यांग कियूशिया से 18-21, 11-21 से हार गईं।
नवीन ने भी जीता सोना
पहली बार इन खेलों में भाग ले रहे नवीन ने इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 36 मिनट तक चले मुकाबले में 21-9, 21-17 से हराया। नवीन ने युगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2022 में स्वर्ण और बहरीन में बीडब्ल्यूएफ पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीता था।
उन्होंने जून 2026 में फ्रेंच पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में भी रजत पदक जीते था। नित्या श्री सुमति सिवन ने महिला सिंगल्स एसएच6 फाइनल में चीन की लि फेंगमेइ से 12-21, 13-21 से हारने के बाद रजत पदक जीते।
यह भी पढ़ें- IND W vs ZIM W: प्रतिका रावल का ऐतिहासिक शतक, शेफाली वर्मा का तूफानी पचासा; भारत ने जिंबाब्वे को 9 विकेट से हराया
यह भी पढ़ें- कौन हैं परविंदर अवाना? BCCI ने सौंपी जूनियर क्रिकटरों के सेलेक्शन की जिम्मेदारी
